उन्नाव गौशाला मामला: 4PM की खबर का असर, मृत गाय के वीडियो के बाद प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

उन्नाव के असोहा क्षेत्र की गौशाला में मृत गाय के शव को कुत्तों द्वारा नोचने का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। SDM ने जांच के आदेश दिए और व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश जारी किए हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उन्नाव के असोहा क्षेत्र से सामने आई एक दर्दनाक तस्वीर ने पूरे सिस्टम को झकझोर दिया है। 4PM द्वारा चलाई गई भादिन गांव की गौशाला में मृत गाय के शव को कुत्तों द्वारा नोचे जाने की खबर के बाद प्रशासन हरकत में आया और जांच के आदेश जारी कर दिए गए।

क्या है पूरा मामला?

भादिन गांव की गौशाला से सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक मृत गाय का शव खुले में पड़ा है और उसे कुत्ते नोच रहे हैं। यह तस्वीरें न सिर्फ लापरवाही दिखाती हैं, बल्कि पशुओं की देखरेख की पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गौशाला की हालत लंबे समय से खराब है, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा था।

SDM ने लिया संज्ञान, अधिकारियों को जारी किए निर्देश

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुरवा के उपजिलाधिकारी प्रमेश कुमार श्रीवास्तव ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने खंड विकास अधिकारी और पशु चिकित्सा अधिकारी असोहा को पत्र जारी कर पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि गौशाला की व्यवस्थाएं जल्द से जल्द सुधारी जाएं और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

ग्रामीणों का आरोप- न चारा, न देखरेख

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि गौशाला में न तो पर्याप्त चारे की व्यवस्था है और न ही पशुओं की देखभाल सही तरीके से हो रही है। इसी लापरवाही के चलते आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आती रहती हैं।

सिस्टम पर बड़ा सवाल, कागजों में ही सीमित रहेगा सुधार?

यह मामला सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या इस बार वाकई जमीन पर बदलाव होगा? या फिर जांच और कार्रवाई सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह जाएगी? 

उन्नाव की यह घटना सिर्फ एक गौशाला की बदहाली नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल है।अब प्रशासन के लिए चुनौती यह है कि वह जांच के बाद ठोस कदम उठाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोके।

यह भी पढ़ें: उन्नाव में नौकरी का खेल! सिफारिश से बना सचिव? DM ने बैठाई जांच

रिपोर्ट – रंजन बाजपाई

Related Articles

Back to top button