लकड़ी बीनने गई 17 साल की किशोरी, गन्ने के खेत में ले गए दो युवक; गैंगरेप का केस
सीतापुर के हरगांव में लकड़ी बीनने गई 17 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के हरगांव थाना क्षेत्र में लकड़ी बीनने गई 17 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। परिजनों की तहरीर के मुताबिक, गांव के बाहर किशोरी को दो युवक कथित तौर पर गन्ने के खेत में ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद धमकी देकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
लकड़ी बीनने गई थी किशोरी, खेत में ले जाने का आरोप
परिजनों के अनुसार, किशोरी गांव के बाहर लकड़ी बीनने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान रायपुर गांव निवासी चैंपियन उर्फ देशराज और मोहित उसे जबरन गन्ने के खेत में ले गए। वहां दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपियों ने किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी।
घर पहुंचकर परिजनों को बताई आपबीती
किशोरी जब घर लौटी तो उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार उसे लेकर हरगांव थाने पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई
हरगांव थानाध्यक्ष आनंद नारायण त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और मामले की जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर होगी।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: 3 डंपर और 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े गए, महमूदाबाद में खनन विभाग की औचक कार्रवाई



