14 घंटे तक तड़पती रही प्रसूता, आखिर में हुआ मृत नवजात का जन्म; तंबौर CHC पर गंभीर आरोप
सीतापुर के तंबौर सीएचसी में प्रसूता की हालत बिगड़ने के बावजूद रेफर न करने का आरोप है। करीब 14 घंटे बाद मृत नवजात के जन्म पर परिजनों ने स्वास्थ्यकर्मियों पर सवाल उठाए

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के तंबौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। रकबा बेली निवासी अनुज कुमार का आरोप है कि उनकी गर्भवती पत्नी की हालत बिगड़ने के बावजूद उसे समय पर उच्च केंद्र रेफर नहीं किया गया। करीब 14 घंटे बाद प्रसूता ने मृत नवजात को जन्म दिया। मामले में पति ने स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ तहरीर देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
108 एंबुलेंस से सीएचसी पहुंची थी प्रसूता
अनुज कुमार के मुताबिक, वह मंगलवार सुबह अपनी गर्भवती पत्नी को 108 एंबुलेंस से सीएचसी तंबौर लेकर पहुंचे थे। उनका आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों ने प्रसव को सामान्य बताते हुए जल्द डिलीवरी होने की बात कही। समय बीतने के साथ महिला का दर्द बढ़ता गया और उसकी हालत बिगड़ने लगी।
रेफर करने की मांग, 14 घंटे बाद मृत नवजात
परिजनों का कहना है कि महिला की स्थिति बिगड़ने पर उन्होंने कई बार उसे जिला अस्पताल रेफर करने की मांग की, लेकिन समय रहते रेफर नहीं किया गया। आरोप है कि करीब 14 घंटे बाद प्रसूता ने मृत नवजात को जन्म दिया। प्रसूता की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है। इसके बाद पति ने थाने में तहरीर देकर पूरे मामले की जांच की मांग की।
पहले भी शिकायतों का दावा, CMO ने मांगी रिपोर्ट
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि संबंधित एएनएम की कार्यशैली को लेकर पहले शिकायतें सामने आ चुकी हैं और निरीक्षण में अनियमितता मिलने पर वेतन रोके जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। सीएमओ डॉ. सुखरंजन समद्दर ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है और संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: लकड़ी बीनने गई 17 साल की किशोरी, गन्ने के खेत में ले गए दो युवक; गैंगरेप का केस



