कब्र से शव और सिर गायब होने की खबर से मचा हड़कंप, जांच हुई तो निकला पूरा मामला

सीतापुर के जगजीवनपुर में कब्र से शव और सिर गायब होने की अफवाह से हड़कंप मच गया। एसडीएम और पुलिस की जांच में कब्र से छेड़छाड़ की पुष्टि नहीं हुई। मामला रास्ते के विवाद से जुड़ा निकला।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  सीतापुर के जगजीवनपुर गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कब्र से शव बाहर निकलने और सिर गायब होने की खबर तेजी से फैल गई। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम और पुलिस मौके पर पहुंचे। जांच के बाद कब्र से छेड़छाड़ की पुष्टि नहीं हुई और मामला दो पक्षों के बीच चल रहे रास्ते के विवाद से जुड़ा सामने आया।

शव और सिर गायब होने की फैली चर्चा

मानपुर थाना क्षेत्र के जगजीवनपुर निवासी 55 वर्षीय नगमा की करीब दो महीने पहले टीबी से मौत हुई थी। परिजनों ने गांव के बाहर उनका शव दफनाया था। मंगलवार को अचानक गांव में चर्चा फैल गई कि कब्र से शव बाहर निकल गया और उसका सिर गायब है।

सूचना फैलते ही ग्रामीणों में बेचैनी बढ़ गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीएम सिधौली और मानपुर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की।

पुलिस जांच में नहीं मिली कब्र से छेड़छाड़ की पुष्टि

जांच के दौरान पुलिस को कब्र से शव गायब होने या उसके साथ किसी तरह की छेड़छाड़ के प्रमाण नहीं मिले। थानाध्यक्ष संतोष सिंह के अनुसार, शुरुआती जांच में वायरल सूचना की पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस के मुताबिक मृतका के परिवार और दूसरे पक्ष के बीच गांव में रास्ते की निकासी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसी विवाद के बीच घटना को अलग रूप देकर भ्रामक जानकारी फैलाए जाने की आशंका जताई गई है।

एसडीएम की मौजूदगी में हुई मार्ग की नापजोख

मामले को स्पष्ट करने के लिए एसडीएम की मौजूदगी में मौके पर रास्ते की नापजोख भी कराई गई। प्रशासन अब मार्ग विवाद से जुड़े तथ्यों की जांच कर रहा है।

पुलिस का कहना है कि भ्रामक सूचना फैलाने में किन लोगों की भूमिका रही, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल कब्र से शव या सिर गायब होने की बात की पुष्टि नहीं हुई है।

रिपोर्ट-  वली चौधरी, सीतापुर

‘चार लाख की सेटिंग’ का ऑडियो वायरल, बरेली में सिपाही पर गिरी गाज

Related Articles

Back to top button