दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया 19 साल का युवक, अचानक गहरे पानी में समाया
सीतापुर के इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र में पिरई नदी में नहाते समय 19 वर्षीय रवि राठौर डूब गया। पुलिस और गोताखोर नदी में युवक की तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उसका पता नहीं चल सका।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर में शनिवार दोपहर दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया 19 वर्षीय युवक गहरे पानी में समा गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू कर दी। देर तक खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चल सका था।
दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था युवक
घटना इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में गाड़ी घाट देवरिया पुल के पास की है। पिपरी खुर्द निवासी रवि राठौर (19) पुत्र विजय शंकर शनिवार करीब दोपहर 12 बजे दोस्तों के साथ पिरई नदी में नहाने गया था।
बताया गया कि नहाते समय रवि अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह देखते ही देखते पानी की गहराई में लापता हो गया।
गोताखोरों ने शुरू की तलाश
रवि के डूबने के बाद दोस्तों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और नदी में खोजबीन शुरू की। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया।
सूचना मिलने पर इमलिया सुल्तानपुर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में गोताखोर नदी के अलग-अलग हिस्सों में युवक की तलाश कर रहे हैं। अब तक सफलता नहीं मिली है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की जानकारी मिलते ही रवि के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बेटे के नदी में डूबने की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन उसकी सकुशल बरामदगी की उम्मीद लगाए हुए हैं।
पुलिस और गोताखोरों का तलाश अभियान जारी है। फिलहाल युवक के नदी में डूबने की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: कब्र से शव और सिर गायब होने की खबर से मचा हड़कंप, जांच हुई तो निकला पूरा मामला



