SP विधायक अताउर्रहमान की साली की मौत बनी पहेली, जहर देने के आरोप के बाद हुई कब्र की खुदाई
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बहेड़ी क्षेत्र में समाजवादी पार्टी (SP) विधायक अताउर्रहमान की साली तबस्सुम की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बहेड़ी क्षेत्र में समाजवादी पार्टी (SP) विधायक अताउर्रहमान की साली तबस्सुम की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है।
मौत के सात दिन बाद पुलिस ने कब्र खोदकर शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई ने बहन को जहर देकर हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए जिलाधिकारी (DM) बरेली से जांच की मांग की थी।
मामले में अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे तबस्सुम की मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।
12 जुलाई को हुई थी तबस्सुम की मौत
जानकारी के मुताबिक, यह मामला बहेड़ी के मोहल्ला बाजार मुड़िया रोड का है। यहां रहने वाली तबस्सुम की 12 जुलाई को मौत हो गई थी। परिजनों ने इसके बाद शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया था।
मृतका के भाई जहीन इलियास, जो उत्तराखंड के हल्द्वानी आजादनगर के रहने वाले हैं, ने 17 जुलाई को जिलाधिकारी बरेली को शिकायती पत्र दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहन की मौत सामान्य नहीं है, बल्कि उसे जहर देकर मारा गया है। उन्होंने मामले की जांच और शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की।
DM के आदेश पर कब्र से निकाला गया शव
शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस ने कार्रवाई की। शनिवार दोपहर बहेड़ी पुलिस टीम मजिस्ट्रेट दिवाकर सिंह की मौजूदगी में मौके पर पहुंची।
परिजनों की मौजूदगी में कब्र खोदकर तबस्सुम का शव बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
पति ने आरोपों को बताया साजिश
वहीं, मृतका के पति ताहिर ने जहर देकर हत्या के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उनका कहना है कि तबस्सुम लंबे समय से कैंसर और शुगर की बीमारी से पीड़ित थीं और उनका इलाज चल रहा था। ताहिर ने आरोपों को अपने खिलाफ साजिश बताया और कहा कि उनकी पत्नी की मौत बीमारी के कारण हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि तबस्सुम की मौत बीमारी से हुई या फिर किसी अन्य कारण से.
रिपोर्ट –सुनील सक्सेना,बरेली



