सीतापुर में अवैध निर्माण पर चला योगी सरकार का बुलडोजर, प्लाटिंग को कराया गया ध्वस्त

उत्तर प्रदेश के  सीतापुर जिले के कमलापुर कस्बे में प्रशासन ने अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर प्लाटिंग को ध्वस्त करा दिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के  सीतापुर जिले के कमलापुर कस्बे में प्रशासन ने अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर प्लाटिंग को ध्वस्त करा दिया।

रविवार को उपजिलाधिकारी सिधौली अवनीश कुमार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बिना आवश्यक अनुमति के विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को हटाने की कार्रवाई की।

प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई को देखते रहे। अधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से नियमों की अनदेखी कर प्लाटिंग विकसित किए जाने की जानकारी मिल रही थी, जिसके बाद जांच कर कार्रवाई की गई।

मौके पर पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने प्लाटिंग स्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि कॉलोनी विकसित करने के लिए निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया था। संबंधित प्लाटिंग के लिए न तो उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 80 के तहत आवश्यक अनुमति प्राप्त की गई थी और न ही संबंधित विभाग से नक्शा स्वीकृत कराया गया था।

तहसीलदार मुकेश शर्मा ने बताया कि किसी भी आवासीय या व्यावसायिक प्लाटिंग को विकसित करने से पहले शासन द्वारा निर्धारित मानकों और अनुमतियों का पालन करना अनिवार्य है। बिना अनुमति के विकसित की जा रही कॉलोनियां भविष्य में आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने के बाद प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को हटवा दिया।

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार मुकेश शर्मा, क्षेत्रीय लेखपाल आकांक्षा निगम, राजस्व निरीक्षक सदानंद वर्मा सहित राजस्व विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध प्लाटिंग और बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि जमीन खरीदने से पहले सभी जरूरी दस्तावेजों और अनुमतियों की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी तरह की कानूनी परेशानी का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Back to top button