बांदा में पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर कड़ी सुरक्षा, डीएम-एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर जनपद में व्यापक सुरक्षा और व्यवस्थाएं की गई हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर जनपद में व्यापक सुरक्षा और व्यवस्थाएं की गई हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।
जनपद में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 3840 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पूरे जनपद को पांच जोनों में विभाजित किया गया है और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी जे. रीभा और पुलिस अधीक्षक पारस बंसल ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने जेएन डिग्री कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज और जीजीआईसी बांदा पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही सीसीटीवी कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों की निगरानी करते हुए अधिकारियों को परीक्षा शांतिपूर्ण और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापकों को सुरक्षा, निगरानी और अभ्यर्थियों की सुविधाओं से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।
रिपोर्ट -इकबाल खान, बांदा



