बांदा में अज्ञात लोगों ने दुकान में लगाई आग, लाखों का सामान जलकर राख

उत्तर प्रदेश के बांदा में अज्ञात लोगों की करतूत से एक दिव्यांग परिवार की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बांदा में अज्ञात लोगों की करतूत से एक दिव्यांग परिवार की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया। देर रात किसी ने उनकी दुकान में आग लगा दी, जिससे सिलाई मशीन और बैग समेत लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी खंड-1 ओवरब्रिज पुल के नीचे का है, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से एक छोटी दुकान पूरी तरह जल गई। इस दुकान में बैग और सिलाई से जुड़ा सामान रखा था, जो देखते ही देखते आग की भेंट चढ़ गया।

बताया जा रहा है कि यहां एक दिव्यांग व्यक्ति अपने परिवार के साथ सिलाई कर बैग बनाकर बेचता था और उसी से परिवार का पालन-पोषण करता था। लेकिन देर रात अज्ञात लोगों ने उनके डिब्बे नुमा दुकान में आग लगा दी, जिससे वहां रखी 4 सिलाई मशीन, बैग और अन्य सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।

पीड़ित विजय कुमार के मुताबिक इस आगजनी की घटना में करीब 2 लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है। घटना के बाद पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है और कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी लेकर जांच में जुट गई है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

रिपोर्ट- इकबाल, बांदा

Related Articles

Back to top button