खाड़ी में भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करे सरकार: विजयन

- केरल के सीएम की पीएम मोदी से अपील
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
कोच्चि। केरल के मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन ने खाड़ी देशों में मौजूदा स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर केंद्र सरकार से खाड़ी देशों में रहने वाले भारतीय नागरिकों, विशेषकर केरलवासियों के हितों की रक्षा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक राजनयिक कदम उठाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों में मौजूदा स्थिति बेहद चिंताजनक है। केरल की बात करें तो इन देशों में बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय रहते हैं।
इसलिए मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर खाड़ी क्षेत्र में चिंताओं को दूर करने के लिए उनके हस्तक्षेप का अनुरोध किया है। 28 फरवरी को ऑपरेशन एपिक फ्यूरी/लायंस रोर के तहत अमेरिका और इजऱाइल ने ईरान पर हमले किए, जिनमें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या कर दी गई। इसके अलावा, तसनीम समाचार एजेंसी ने बताया कि तेहरान में अमेरिका और इजऱाइल के आतंकवादी हमलों में कई उच्च पदस्थ ईरानी सैन्य कमांडरों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।



