आर्मी चीफ धीरज सेठ का पुणे दौरा, दक्षिणी कमान की तैयारियों का किया निरीक्षण

सेना प्रमुख धीरज सेठ ने पूर्व सैनिकों के सेवा भाव और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को जमकर सराहा. उन्होंने कहा कि भारतीय सेना और उसके पूर्व सैनिकों का रिश्ता जीवनभर का है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सेना प्रमुख धीरज सेठ ने पूर्व सैनिकों के सेवा भाव और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को जमकर सराहा. उन्होंने कहा कि भारतीय सेना और उसके पूर्व सैनिकों का रिश्ता जीवनभर का है.

सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने सोमवार को पुणे स्थित सेना की दक्षिणी कमान के मुख्यालय का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने कमान की ऑपरेशनल तैयारियों और सैन्य क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में चल रही पहलों की समीक्षा की. दक्षिणी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर ने सेना प्रमुख को मौजूदा ऑपरेशनल हालात, कमान की तैयारियों, ट्रेनिंग और युद्धक क्षमता बढ़ाने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी.

आधुनिक युद्ध के हिसाब से तैयार रहने पर जोर

सैनिकों और कमांडरों से बातचीत के दौरान जनरल धीरज सेठ ने लगातार ऑपरेशनल रेडीनेस बनाए रखने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि बदलते युद्ध के स्वरूप को देखते हुए तकनीक को तेजी से अपनाने, ट्रेनिंग बेहतर करने और युद्ध की नई तकनीक, रणनीति और प्रक्रियाओं (TTPs) को लगातार अपडेट करना जरूरी है.

सेना प्रमुख ने रियलिस्टिक ट्रेनिंग, तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल और स्वदेशी सैन्य क्षमताओं को बढ़ाने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि भारतीय सेना को तेज, टेक्नोलॉजी से लैस और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहना होगा.

सैनिकों के हौसले की सराहना

जनरल धीरज सेठ ने दक्षिणी कमान के सभी रैंक के जवानों और अधिकारियों के पेशेवर रवैये और समर्पण की सराहना की. उन्होंने सैनिकों से मिशन पर फोकस बनाए रखने और ऑपरेशनल तैयारियों का उच्च स्तर बरकरार रखने को कहा.

पूर्व सैनिकों को योद्धा सेवा सम्मान

दौरे के दौरान सेना प्रमुख ने कई विशिष्ट पूर्व सैनिकों को योद्धा सेवा सम्मान से सम्मानित किया. यह सम्मान पूर्व सैनिक कल्याण, युवाओं को सशक्त बनाने, पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा में उनके योगदान के लिए दिया गया. सेना प्रमुख ने पूर्व सैनिकों के सेवा भाव और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सराहा. उन्होंने कहा कि भारतीय सेना और उसके पूर्व सैनिकों का रिश्ता जीवनभर का है.

Related Articles

Back to top button