गन्ने के खेत में मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में मची सनसनी

उत्तर प्रदेश के बरेली में सीबीगंज के नदौसी गांव में रविवार सुबह गन्ने के खेत में करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बरेली में सीबीगंज के नदौसी गांव में रविवार सुबह गन्ने के खेत में करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई।

स्कोडा कार शोरूम के पीछे नहर किनारे खेत में शव पड़ा देखकर किसान ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

नदौसी निवासी रंजीत यादव ने बताया कि उन्होंने राजेंद्र नगर निवासी मुन्ना बाबू का गन्ने का खेत ठेके पर ले रखा है। रविवार सुबह करीब नौ बजे वह खेत पर पहुंचे थे। गन्ने के बीच पहुंचने पर उनकी नजर युवक के शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को जानकारी देने के साथ पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सीओ सेकेंड और सीबीगंज थाना प्रभारी विनोद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया। टीम ने शव के आसपास और घटनास्थल की बारीकी से जांच की और संभावित साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने आसपास के गांवों के लोगों को बुलाकर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी उसकी शिनाख्त नहीं कर सका। पुलिस अब आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके।
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह साफ होने की उम्मीद है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

रिपोर्ट –सुनील सक्सेना,बरेली

Related Articles

Back to top button