छेड़खानी के विरोध पर युवती और परिवार को धमकी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पीड़िता के अनुसार, 14 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे वह शौचालय के लिए घर से खेत की ओर जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में गांव का अभिषेक कुमार पुत्र राधेश्याम उसका हाथ पकड़कर जबरन खींचने लगा।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती से छेड़खानी और उसे जबरन खींचकर ले जाने के प्रयास का मामला सामने आया है।
विरोध करने पर युवती और उसके परिजनों को धमकी देने का भी आरोप है। पीड़िता की तहरीर पर गोला पुलिस ने नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, 14 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे वह शौचालय के लिए घर से खेत की ओर जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में गांव का अभिषेक कुमार पुत्र राधेश्याम उसका हाथ पकड़कर जबरन खींचने लगा। किसी तरह हाथ छुड़ाकर भागने की कोशिश करने पर आरोपित ने दोबारा उसे पकड़ लिया। शोर मचाने पर वह मौके से भाग गया। घर पहुंचकर युवती ने अपनी मां को घटना की जानकारी दी।
तहरीर में युवती ने आरोप लगाया है कि अभिषेक पहले भी कई बार उसके साथ छेड़खानी कर चुका है। 11 जनवरी 2024 को हुई ऐसी ही घटना के बाद उसने थाना प्रभारी के समक्ष भविष्य में ऐसी हरकत नहीं करने की बात कहते हुए माफी मांगी थी। इसके बावजूद दोबारा छेड़खानी करने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का आरोप है।
शिकायत करने पहुंचे परिजनों से भी अभद्रता
पीड़िता के मुताबिक घटना की शिकायत करने उसकी मां, भाई और चाचा आरोपित के घर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां अभिषेक के पिता राधेश्याम और भाई विवेक, अजय व विजय ने गाली-गलौज की और उन्हें घर तक दौड़ाया। पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
तहरीर में यह भी कहा गया है कि आरोपित के मोबाइल में युवती की तस्वीरें हैं और उनके जरिये उसे ब्लैकमेल करने का प्रयास किया जाता है। पीड़िता ने आरोपितों से खुद और परिवार की सुरक्षा को खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
प्रभारी निरीक्षक के आदेश पर गोला पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर



