सीतापुर में सर्राफा व्यापारी को बीच रास्ते घेरा, लाठी-डंडों से हमला कर लाखों की चांदी लूटी
सीतापुर में सर्राफा व्यापारी पर छह बदमाशों ने हमला कर ढाई किलो चांदी और 900 रुपये लूट लिए। पुलिस CCTV फुटेज के जरिए संदिग्धों की पहचान और वारदात के खुलासे में जुटी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर में रविवार देर शाम घर लौट रहे एक सर्राफा व्यापारी को रास्ते में घेरकर लूटने की वारदात से हड़कंप मच गया। दो बाइकों पर सवार छह बदमाशों ने व्यापारी पर लाठी-डंडों से हमला किया और करीब ढाई किलो चांदी व नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। हमले में व्यापारी के सिर पर गंभीर चोट आई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
दो बाइकों से आए बदमाशों ने घेरा
घटना रामपुरकलां थाना क्षेत्र में जाननगर मोड़ और केसरीपुर के बीच की बताई जा रही है। बाबूपुर निवासी सर्राफा व्यापारी रमेश निगम की सरैयां में दुकान है। रविवार शाम दुकान बंद करने के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई दो बाइकों पर सवार करीब छह बदमाशों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने लाठी-डंडों से व्यापारी पर हमला किया। सिर में गंभीर चोट लगने से वह सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश उनका बैग लेकर मौके से फरार हो गए।
ढाई किलो चांदी और नकदी लूटने का दावा
व्यापारी के अनुसार बैग में करीब ढाई किलो चांदी और 900 रुपये नकद थे। चांदी की अनुमानित कीमत पांच से छह लाख रुपये बताई जा रही है। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी को सीएचसी पहला पहुंचाया। हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
CCTV से बदमाशों की पहचान में जुटी पुलिस
वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल और एएसपी दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। घटना के जल्द खुलासे के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: रक्षाबंधन पर बहनों का सफर होगा फ्री, जानिए कब से कब तक मिलेगी मुफ्त बस सेवा



