जय पवार ने बारामती प्लेन क्रैश पर उठाए सवाल

- अजित के छोटे बेटे बोले – ब्लैक बॉक्स इतनी आसानी से नष्ट नहीं हो सकता
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
पुणे। पिछले महीने एक विमान दुर्घटना में जान गंवाने वाले महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के छोटे बेटे जय पवार ने दुर्घटना के पीछे गंभीर चूक होने की आशंका को लेकर गहन जांच की मांग की और कहा कि विमान का ब्लैक बॉक्स इतनी आसानी से नष्ट नहीं हो सकता। उन्होंने वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की। इसी विमानन कंपनी के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी।
जय पवार ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, महाराष्ट्र के लोगों को दुर्घटना की पारदर्शी और पूरी सच्चाई जानने का अधिकार है। वीएसआर विमानन कंपनी पर प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए उन्होंने कहा, विमानन कंपनी की गंभीर चूक की आशंका और अनियमितताओं की विस्तृत व निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। उनका यह बयान महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और राकांपा नेताओं द्वारा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात और विमान दुर्घटना की सीबीआई से जांच कराने की मांग के एक दिन बाद आया है। वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो ने कहा कि घातक दुर्घटना वाले लीयरजेट 45 विमान के कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) से डेटा प्राप्त करने के लिए विशेष सहायता मांगी गई है।



