शाह मानहानि केस में पेश हुए राहुल गांधी ने रामचेत मोची के परिवार से किया बड़ा वादा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपने बयानों और दरियादिली को लेकर अक्सर चर्चा में बने रहते हैं। इसी बीच एक बार फिर राहुल गांधी अपने नेकदिली को लेकर चर्चा का विषय बन गए हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपने बयानों और दरियादिली को लेकर अक्सर चर्चा में बने रहते हैं। इसी बीच एक बार फिर राहुल गांधी अपने नेकदिली को लेकर चर्चा का विषय बन गए हैं।
दरअसल राहुल गांधी आज लखनऊ से सड़क मार्ग के जरिए सुल्तानपुर पहुंचे, जिसके बाद वो गृह मंत्री अमित शाह पर टिप्पणी के मामले में MP/MLA कोर्ट में पेश हुए। जहां उन्होंने खुद पर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए ख़ारिज कर दिया। आपको बता दें कि यह पूरा केस 2018 का पुराना है। उस समय कर्नाटक में विधानसभा चुनाव चल रहे थे। राहुल गांधी ने एक रैली या प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह के बारे में कुछ टिप्पणियां की थीं। आरोप है कि राहुल ने कहा था कि भाजपा ईमानदारी और साफ राजनीति की बात करती है, लेकिन उसकी पार्टी का अध्यक्ष यानी अमित शाह हत्या के एक केस में आरोपी है। यह टिप्पणी सोहराबुद्दीन शेख फेक एनकाउंटर मामले से जुड़ी थी, जिसमें अमित शाह पर आरोप लगे थे।
वहीं इन टिप्पणियों से अमित शाह की इज्जत को ठेस पहुंची, ऐसा कहकर सुल्तानपुर के एक भाजपा नेता विजय मिश्रा ने अगस्त 2018 में राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि यानी defamation का मुकदमा दायर किया। यह मुकदमा आपराधिक मानहानि का है, जो भारतीय दंड संहिता की धारा 499-500 के तहत आता है। कोर्ट ने केस को स्वीकार किया और सुनवाई शुरू हुई। राहुल गांधी इस केस में जमानत पर चल रहे हैं। वहीं आज राहुल गांधी कोर्ट में पेश हुए। उन्होंने क्रिमिनल प्रोसीजर कोड यानी CrPC की धारा 313 के तहत अपना बयान दर्ज कराया। यह धारा आरोपी को अपना पक्ष रखने का मौका देती है।
राहुल ने कोर्ट में साफ कहा कि वे सभी आरोपों से इनकार करते हैं। उन्होंने कहा कि यह केस राजनीतिक साजिश है। उनका कहना था कि मुझ पर सस्ती लोकप्रियता कमाने के लिए झूठा केस लगाया गया है। यह राजनीतिक बदले की कार्रवाई है, जिससे मेरी और मेरी पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। राहुल ने आरोप लगाया कि सीडी में भी छेड़छाड़ की गई है और यह सब हाइलाइट होने या परेशान करने के लिए किया जा रहा है। कोर्ट में उनका बयान करीब 25-30 मिनट तक चला। कोर्ट ने तीन गवाहों के बयान सुने, लेकिन राहुल ने उन सभी को नकार दिया। अब अगली सुनवाई 9 मार्च 2026 को होगी। उस दिन राहुल गांधी की तरफ से बचाव के गवाह पेश किए जा सकते हैं या सबूत दिए जा सकते हैं।
यह केस राजनीतिक रूप से काफी संवेदनशील है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा सरकार के समय में ऐसे कई केस विपक्षी नेताओं पर लगाए जा रहे हैं ताकि उन्हें परेशान किया जाए। प्रियंका गांधी ने भी कहा कि राहुल को बार-बार परेशान किया जा रहा है। दूसरी तरफ, भाजपा पक्ष का मानना है कि राहुल ने अमित शाह की छवि खराब करने वाली बात कही, इसलिए केस जायज है। इस केस से जुडी अगली तारीख को लेकर अजय राय का कहना है कि राहुल गांधी वहां गए, वहां उन्होंने बयान दर्ज कराया और फिर न्यायधीश 9 मार्च की तारीख तय की.
कोर्ट से लौटते वक़्त राहुल गांधी ने ऐसा कुछ किया जिसकी जमकर सराहना हो रही है। दरअसल उनका काफिला उसी राह से गुजरा, जहां रामचेत मोची की दुकान पड़ती है. वे वहां रुक गए. उन्होंने दुकान पर पहुंचकर परिवार का हालचाल जाना और हालात की जानकारी ली. रामचेत मोची की पहले भी राहुल गांधी ने आर्थिक और मानवीय आधार पर मदद की थी, जिसकी काफी चर्चा हुई थी.
रामचेत मोची सुल्तानपुर के रहने वाले थे। उनकी हाईवे के किनारे जूते-चप्पल सिलने की दुकान थी। 26 जुलाई 2024 को राहुल गांधी इसी मामले में पेशी पर सुल्तानपुर आए थे। कोर्ट से लखनऊ लौटने के दौरान वे रामचेत की दुकान पर रुके थे। 5 मिनट की इस मुलाकात के दौरान उन्होंने न सिर्फ रामचेत से मोची की कारीगरी की बारीकियां जानीं, बल्कि खुद जूता भी सिला था। इस मुलाकात के दौरान रामचेत ने राहुल को अपनी आर्थिक दिक्कतों की जानकारी देते हुए मदद की गुहार लगाई थी। अगस्त, 2025 में राहुल ने रामचेत को एक लाख रुपए कीमत की एक जापानी सिलाई मशीन भेंट की थी।
इसके बाद 50 हजार रुपए कीमत के चार कार्टन सामान भी भेजा था। उन्होंने कॉल करके हर संभव मदद का आश्वासन दिया था। रामचेत मोची की 11 नवंबर, 2025 को कैंसर और टीबी की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। राहुल गांधी ने रामचेत का इलाज भी कराया था। रामचेत की मौत के बाद उनका बेटा दुकान चला रहा है। अब एक बार फिर राहुल गांधी उनकी दुकान पर पहुंचे जिसके बाद यहां पर वह उनके परिवार से मुलाकात मिले। रामचेत की पोती श्रद्धा को गोद में लिया।
बच्ची के पैर में चोट देख पूछा ये क्या हुआ? श्रद्धा ने बताया- पैर में चोट ठीक नहीं हो रही है। इस पर राहुल गांधी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से इलाज की बात कही। राहुल गांधी ने उसे चॉकलेट दी। दुकान पर मौजूद रामचेत के बेटे ने बताया कि राहुल गांधी ने परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है. उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या या परेशानी की स्थिति में सीधे फोन कर जानकारी देने को कहा है. परिवार का कहना है कि राहुल गांधी इस मामले में सक्रिय हैं और उनके साथ मजबूती से खड़े हैं. गौरतलब है कि राहुल गांधी की इस दरियादिली की चर्चा पूरे प्रदेश में हो रही है।



