केजरीवाल के बरी होने के बाद सियासत गरमाई
भाजपा एक ‘इच्छाधारी नाग’ : पवन खेड़ा

- कांग्रेस बोली -पंजाब में मुख्य विपक्षी दल को कमजोर करने की योजना
- आप ने भाजपा को निशाने पर लिया
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। दिल्ली की शराब नीति में कथित घोटाला मामले में अरविंद केजरीवाल के बरी होने के बाद सियासत आरंभ हो गई है। जहां आप ने भाजपा को आड़े हाथों लिया है । वहीं कांग्रेस ने भी इस फै सले को लेकर भाजपा को घेरा है। अरविंद केजरीवाल और कई अन्य के बरी होने के बाद कांग्रेस ने आज दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गुजरात और पंजाब के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आम आदमी पार्टी के प्रमुख को ‘नहला-धुलाकर और वाशिंग मशीन से निकालकर’ पेश कर रही है ताकि मुख्य विपक्षी दल को कमजोर किया जा सके।
कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने यह आरोप भी लगाया कि भाजपा एक ‘इच्छाधारी नाग’ है जो सिर्फ कांग्रेस को हराने के लिए अपना रूप बदलती रहती है और इसके लिए वह किसी भी स्तर तक गिर सकती है। पवन खेड़ा ने कहा, ‘‘गुजरात और पंजाब के चुनाव आ रहे हैं तो अरविंद केजरीवाल को नहला-धुलाकर और वाशिंग मशीन से निकालकर पेश किया जा रहा है क्योंकि भाजपा का असली मकसद कांग्रेस मुक्त भारत है।’’ उन्होंने दावा किया कि कैसे कांग्रेस को कमजोर किया जाए, यही भाजपा का खेल है और इसमें कई खिलाड़ी और अंपायर बिके हुए हैं।
कोर्ट के फैसले के समय को लेकर सवाल खड़े होते है : देवेंद्र
दिल्ली कांग्रेस प्रमुख देवेंद्र यादव ने भी टिप्पणी की है कि इस तरह के घटनाक्रम अक्सर राज्यों में चुनावों के साथ मेल खाते हैं। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि अदालत के फैसले के समय को लेकर सवाल खड़े होते हैं क्योंकि यह सब ऐसे वक्त हो रहा है जब गुजरात विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। वहीं जहां तक भाजपा की बात है तो आपको बता दें कि पार्टी सांसद मनोज तिवारी ने कहा है कि सीबीआई ऊपरी अदालत में जा रही है।
कांग्रेसी किस मुंह से बात करते हैं, उन्हें शर्म नहीं आती : केजरीवाल
दूसरी ओर, पवन खेड़ा के बयान पर प्रतिक्रिया जताते हुए आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, मैं आपसे पूछता हूं कि केजरीवाल जेल गया, क्या रॉबर्ट वाड्रा जेल गया? संजय सिंह जेल गया, क्या राहुल गांधी जेल गया? मनीष सिसोदिया जेल गया, क्या सोनिया गांधी जेल गईं? कांग्रेसी किस मुंह से बात करते हैं, उन्हें शर्म नहीं आती?
देश अपने ज्यूडिशियल और सिक्योरिटी सिस्टम की ताकत पर चलता है : अन्ना हजारे
अन्ना हजारे ने कहा कि हमारा देश अपने ज्यूडिशियल और सिक्योरिटी सिस्टम की ताकत पर चलता है। अलग-अलग पार्टियों, जातियों, धर्मों और समुदायों वाला इतना बड़ा देश होने के बावजूद, यह ज्यूडिशियरी की वजह से आसानी से काम करता है। सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे नेकहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को एक्साइज पॉलिसी मामले में बरी करने के अदालत के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश अपनी न्यायपालिका की मजबूती के कारण सुचारू रूप से काम कर रहा है। अन्ना हजारे ने कहा कि हमारा देश अपने ज्यूडिशियल और सिक्योरिटी सिस्टम की ताकत पर चलता है। अलग-अलग पार्टियों, जातियों, धर्मों और समुदायों वाला इतना बड़ा देश होने के बावजूद, यह ज्यूडिशियरी की वजह से आसानी से काम करता है।



