खामेनेई की मौत पर भारत में सियासी बवाल

सोनिया ने लेख में लिखा- भारत सरकार का मौन जिम्मेदारी से पीछे हटना

  • संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण में चर्चा की जाए
  • कांग्रेस, सपा, आप और शिवसेना यूबीटी ने मोदी की चुप्पी पर निशाना साधा

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद पूरी दुनिया में अमेरिका व इसरायल को विरोध हो रहा है। भारत में भी जगह-जगह प्रदर्शन हो रहें है। इस बीच सियासत भी गरमाई है। कांग्रेस, सपा, आप व शिवसेना यूबीटी ने पीएम मोदी की चुप्पी पर निशाना साधा है। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने यह भी मांग की कि संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण में अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के टूटने पर सरकार की ‘चिंताजनक चुप्पी’ पर खुलकर और बिना किसी टालमटोल के चर्चा होनी चाहिए। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंगलवार को एक प्रमुख दैनिक अखबार द इंडियन एक्सप्रेस में लिखे अपने लेख के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पर तीखा प्रहार किया है।
सोनिया गांधी ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की लक्षित हत्या पर भारत सरकार के मौन को जिम्मेदारी से पीछे हटना करार दिया है। उन्होंने कहा, ‘एक मार्च को ईरान ने पुष्टि की कि उसके सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली हुसैनी खामेनेई की हत्या अमेरिका और इजराइल द्वारा एक दिन पहले किए गए लक्षित हमलों में कर दी गई थी। चल रही वार्ताओं के बीच एक मौजूदा राष्ट्राध्यक्ष की हत्या समकालीन अंतरराष्ट्रीय संबंधों में एक गंभीर दरार पैदा करती है।’’ उन्होंने कहा कि फिर भी इस स्तब्ध कर देने वाली घटना से परे नयी दिल्ली की चुप्पी भी हैरान करने वाली है। सोनिया गांधी ने कहा कि भारत सरकार ने न तो हत्या और न ही ईरान की संप्रभुता के उल्लंघन की निंदा की है। सोनिया ने कहा कि हमें नैतिक शक्ति को ‘‘पुन: खोजने’’ और उसे स्पष्टता व प्रतिबद्धता के साथ व्यक्त करने की तत्काल आवश्यकता है। सोनिया गांधी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब प्रधानमंत्री मोदी लगातार खाड़ी देशों और इजराइल के नेताओं के संपर्क में हैं। विपक्ष का आरोप है कि भारत का वर्तमान रुख केवल एक पक्ष की ओर झुका हुआ लग रहा है, जिससे पारंपरिक रूप से संतुलित रही भारत की विदेश नीति कमजोर हो रही है। इस लेख के बाद अब बजट सत्र के दूसरे चरण में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक होने के आसार बढ़ गए हैं।

मोदी ट्रंप या नेतान्यहू से डर रहें है: राउत

शवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ईरान-इजराइल संघर्ष में हस्तक्षेप करने और युद्ध रोकने का आग्रह किया। उन्होंने खामेनेई की हत्या पर सरकार की चुप्पी की आलोचना की। पत्रकारों से बात करते हुए राउत ने कहा कि मोदी जी विश्व नेता और विश्वगुरु हैं, उन्हें ईरान-इजराइल संघर्ष रोकना चाहिए। मोदी को अपने दोस्तों से भी ऐसा करने को कहना चाहिए। राउत ने कहा कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को इजराइल को छोडक़र पूरी दुनिया मान्यता देती थी। वे भारत के सच्चे मित्र थे जिन्होंने हमेशा हमारे देश का समर्थन किया। वे नेहरू जी के अनुयायी भी थे। क्या मोदी इसी बात से नाराज हैं? जब ऐसे नेता की हत्या होती है, तो भारत के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को शोक व्यक्त करना चाहिए। वे किससे डरते हैं – इजराइल से या राष्ट्रपति ट्रंप से?

प्रदर्शनों के दौरान हिरासत में ली गई महिलाओं को छोड़ा जाए : महबूबा

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने सोमवार को जम्मू कश्मीर पुलिस प्रमुख नलिन प्रभात से आग्रह किया कि वह अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के विरोध में कश्मीर घाटी में हुए प्रदर्शनों के दौरान हिरासत में ली गई महिलाओं को रिहा करने का आदेश दें। उन्होंने पुलिस प्रमुख से कहा कि इस स्थिति को करुणा और संवेदनशीलता के साथ संभालना चाहिए क्योंकि यह ‘‘हमारे लिए शोक का समय’’ है। खामेनेई की मौत के बाद भडक़े प्रदर्शनों के दौरान कम से कम 14 लोग घायल हो गए, जिनमें छह सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। महबूबा मुफ्ती ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की शहादत पर एकजुटता व्यक्त करने के लिए कश्मीर भर में महिला प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की चिंताजनक खबरों के मद्देनजर, मैं जम्मू कश्मीर के डीजीपी से उनकी तत्काल रिहाई के आदेश जारी करने का आग्रह करती हूं।

पीएम की चुप्पी से भारत की प्रतिष्ठा कम हो रही: राहुल

  • नेता प्रतिपक्ष बोले- अंतरराष्ट्रीय कानून और मानव जीवन की रक्षा करने का साहस दिखाना चाहिए

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से खामेनेई की हत्या पर खुलकर बोलने का आग्रह किया और कहा कि इस पर चुप्पी से विश्व में भारत की प्रतिष्ठा कम हो रही है। राहुल ने कहा कि भारत को इस संघर्ष पर नैतिक रूप से स्पष्ट होना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय कानून और मानव जीवन की रक्षा करने का साहस दिखाना चाहिए। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि भारत को नैतिक रूप से स्पष्ट होना चाहिए। हमें अंतरराष्ट्रीय कानून और मानव जीवन की रक्षा में खुलकर बोलने का साहस दिखाना चाहिए। हमारी विदेश नीति संप्रभुता और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान पर आधारित है और इसे सुसंगत रहना चाहिए।
उन्होंने कहा, मोदी को बोलना चाहिए। क्या वे विश्व व्यवस्था को परिभाषित करने के तरीके के रूप में किसी राष्ट्राध्यक्ष की हत्या का समर्थन करते हैं? अब चुप्पी से विश्व में भारत की प्रतिष्ठा कम हो रही है। पश्चिम एशिया क्षेत्र में बढ़ती शत्रुता पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने शांति बहाल करने के लिए संवाद और संयम को भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा अमेरिका, इजऱाइल और ईरान के बीच बढ़ती शत्रुता एक नाजुक क्षेत्र को व्यापक संघर्ष की ओर धकेल रही है। लगभग एक करोड़ भारतीयों सहित करोड़ों लोग अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं। सुरक्षा संबंधी चिंताएं वास्तविक हैं, लेकिन संप्रभुता का उल्लंघन करने वाले हमले संकट को और भी गंभीर बना देंगे।

बरनाला रैली में राहुल का कांग्रेस की गुटबाजी पर सख्त संदेश

चंडीगढ़। बरनाला में कांग्रेसी नेता राहुल गांधी की रैली के बड़े सियासी मायने हैं। उन्होंने यहां भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तो जबरदस्त तरीके से निशाने पर लिया लेकिन आम आदमी पार्टी पर वे कुछ नहीं बोले। इतना ही नहीं उन्होंने पंजाब के किसी मसले, मुद्दे या समस्या का भी जिक्र नहीं किया। हालांकि भारत-यूएस ट्रेड डील का किसानों और व्यापारियों पर पडऩे वाले प्रभाव के दौरान उन्होंने पंजाब का नाम जरूर लिया मगर विशेष तौर पर उन्होंने सूबे के किसी मुद्दे को नहीं छुआ। राहुल की इस कूटनीति पर भाजपा और शिअद ने तंज कसा है। पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और मीडिया सचिव विनीत जोशी ने कहा कि बरनाला रैली में किसानों-मजदूरों के मुद्दे गायब रहे। राहुल गांधी द्वारा पंजाब में मजदूरों के साथ मनरेगा के तहत हुए हजारों करोड़ रुपये के घोटालों और किसान संकट का कोई उल्लेख न करना इस बात का प्रमाण है कि पंजाब में कांग्रेस आम आदमी पार्टी की बी टीम के रूप में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में मनरेगा योजना के तहत बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं और हजारों करोड़ रुपये के घोटालों के आरोप लगते रहे हैं लेकिन बरनाला रैली में कांग्रेस ने न तो मजदूरों की बकाया मजदूरी का मुद्दा उठाया और न ही किसानों की समस्याओं पर कोई स्पष्ट रणनीति पेश की। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों ही इस मामले में चुप हैं जिससे स्पष्ट होता है कि दोनों दल एक-दूसरे को राजनीतिक लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं।

अमेरिका-इस्राइल हमले में मारे गए 13 ईरानी सैनिक

  • 787 पहुंची ईरान में मृतकों की संख्या

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। इस्राइल और अमेरिका की ओर से ईरान पर जारी सैन्य हमलों और ईरान की जवाबी कार्रवाई का आज चौथा दिन है। दोनों देशों की संयुक्त बमबारी तेज हो गई है और अमेरिकी राष्ट्रपति ने संकेत दिया है कि यह अभियान चार-पांच हफ्ते तक चल सकता है। पूरा क्षेत्र युद्ध जैसे हालात से गुजर रहा है। भारत ने ईरान में रहने वाले अपने नागरिकों को अत्यधिक सावधानी बरतने और यथासंभव घर के अंदर रहने की सलाह दी।
तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने एक नई सलाह में कहा, मौजूदा स्थिति को देखते हुए ईरान में सभी भारतीय नागरिकों को अत्यधिक सावधानी बरतने, अनावश्यक आवाजाही से बचने और यथासंभव घर के अंदर रहने की सलाह दी जाती है। आगे कहा, भारतीयों को समाचारों पर नजर रखना जारी रखना चाहिए, स्थिति के प्रति सजग रहना चाहिए और भारतीय दूतावास से किसी भी आगे के मार्गदर्शन की प्रतीक्षा करनी चाहिए। बता दें कि छात्रों सहित लगभग 9,000 भारतीय ईरान में फंसे हुए बताए जा रहे हैं। ईरान में अमेरिका और इस्राइल के हमलों में मरने वालों की संख्या बढक़र 787 हो गई है, यह जानकारी सरकारी मीडिया ने ईरानी रेड क्रिसेंट के हवाले से दी है।

मध्य पूर्व जाने वाली सभी उड़ानें रद्द

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच एयर फ्र ांस ने घोषणा की है कि उसने गुरुवार तक इस्राइल, लेबनान, संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी अरब से आने-जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी है। आधिकारिक बयान में कहा गया है कि गंतव्य स्थान पर सुरक्षा स्थिति के कारण एयर फ्रांस ने 5 मार्च, 2026 तक तेल अवीव, बेरूत, दुबई और रियाद से आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं।

फुजैराह बंदरगाह पर लगी आग

संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने फुजैराह तेल उद्योग क्षेत्र में लगी आग पर काबू पा लिया है, जो एक दुर्घटनाग्रस्त ड्रोन के मलबे से भडक़ी थी। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। एक्स पर जारी बयान के मुताबिक फुजैराह के अधिकारियों ने कहा कि हवाई रक्षा प्रणालियों द्वारा ड्रोन को रोके जाने के बाद मलबा गिरने पर आपातकालीन टीमों ने तेजी से कार्रवाई की।

बिहार से नितिन और शिवेश राम बीजेपी से बने रास उम्मीदवार

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
पटना। बिहार से खाली हो रही पांच राज्यसभा सीटों में से बीजेपी ने दो पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पूर्व विधायक शिवेश कुमार ऊर्फ शिवेश राम को पार्टी ने कैंडिडेट घोषित किया है। शिवेश राम अगिआंव से विधायक रहे हैं। दलित नेता के तौर पर उनकी पहचान है। नितिन नवीन अभी बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक है।
उन्होंने बिहार के मंत्री पद से तो इस्तीफा दे दिया था लेकिन विधानसभा के सदस्य बने हुए हैं। अगर वो राज्यसभा के सदस्य बन जाते हैं तो उन्हें विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देना होगा। बिहार में राज्यसभा की पांच सीटें खाली हो रही हैं। खाली हो रही पांचों सीटों पर बीजेपी से कोई सांसद नहीं हैं।

पुरी जगन्नाथ मंदिर में दोल पूर्णिमा पर भगदड़

  • कई श्रद्धालु घायल, प्रशासन ने संभाली कमान

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
भुवनेश्वर। ओडिशा में होली से पहले दोल पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को श्रीजगन्नाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भारी भीड़ के चलते मंदिर परिसर में अचानक भगदड़ जैसे हालात बन गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर बाद श्रद्धालुओं की संख्या अचानक बढ़ गई। संकरी जगह और एक साथ आगे बढऩे की कोशिश में लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे सबसे ज्यादा परेशान नजर आए। भीड़ के दबाव में कुछ श्रद्धालु गिर पड़े, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और बाहर निकालने की कोशिश की। बाद में सुरक्षाकर्मियों और स्वयंसेवकों ने मोर्चा संभाला और भीड़ को नियंत्रित किया। सूचना मिलते ही पुलिस और मंदिर प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त बल तैनात कर श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित किया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। प्रशासन का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है। घटना के बाद भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहारों के दौरान अतिरिक्त इंतजाम और बैरिकेडिंग की जरूरत है।

 

Related Articles

Back to top button