चोट ने बिगाड़ी मयंक यादव की रफ्तार

- दो साल में खेले महज छह आईपीएल मैच, इस सीजन पूरी तरह तैयार
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है। दुनिया की इस सबसे बड़ी टी20 लीग में खिलाडिय़ों को अपना हुनर दिखाने का बेहतरीन मौका मिलता है। इस लीग में शानदार प्रदर्शन खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय टीम में जगह भी दिलवाता है। इस लीग से कई सितारे उभरते हैं और इन्हीं सितारों में एक नाम ऐसा भी है, जिसने अपनी रफ्तार से दुनिया को हैरान तो किया, लेकिन पिछले कुछ समय से क्रिकेट की चकाचौंध से गायब है। मयंक को आईपीएल में रफ्तार का सौदागर कहा गया। हालांकि, पिछले दो आईपीएल सत्र में वह सिर्फ छह मैच ही खेल सके हैं।
उनका ज्यादातर समय बंगलूरू में बीसीसीआई के रिहैब सेंटर में ही बीता है। हालांकि, इस साल इस रफ्तार के सौदागर के पास अपनी छाप छोडऩे का अच्छा मौका है। दो साल चोट से ज्यादातर समय जूझने के बाद, मयंक अब आईपीएल में वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं। दरअसल, आईपीएल 2022 के ऑक्शन में लखनऊ सुपर जाएंट्स (एलएसजी) ने दिल्ली के एक तेज गेंदबाज पर दांव खेला। 20 लाख के बेस प्राइस में मयंक यादव लखनऊ के खेमे में शामिल हुए। साल 2022 और 2023 में मयंक को अपनी रफ्तार दिखाने का मौका नहीं मिला था। हालांकि, एलएसजी में मयंक को एक ऐसे तेज गेंदबाज के तौर पर तैयार किया जा रहा था, जो बल्लेबाजों के लिए बड़ी परेशानी बनने वाले थे। मयंक को आईपीएल 2024 में पहली बार मौका मिला और उनकी रफ्तार ने हर टीम और बड़े से बड़े बल्लेबाज को चौंका दिया। उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने पहले मैच में 27 रन देकर तीन विकेट झटके और प्लेयर ऑफ द मैच बने। मयंक को भारतीय टी20 टीम में जगह दी गई। वह अक्तूबर में बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में खेले और पांच विकेट लिए। ऐसा कहा जाने लगा कि भारत को एक नया सितारा मिल गया है। लेकिन मयंक एक बार फिर चोटिल हो गए और फिर रिहैब से गुजरे।
आरसीबी को झटका, हेजलवुड का शुरुआती मैचों में खेलना तय नहीं
नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में टीमों के लिए खिलाडिय़ों की चोट चिंता का विषय बन गई है। आरसीबी तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड के बिना अपने अभियान की शुरुआत करने के लिए तैयार नजर आ रही है, जो फिलहाल चोट से उबरने की प्रक्रिया में हैं। इस चोट की वजह से वह पूरी एशेज सीरीज और टी20 विश्व कप से बाहर रहे। आरसीबी के स्टार गेंदबाज को हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। जब वह ठीक हुए, तब उनकी एड़ी में तकलीफ शुरू हो गई। आईपीएल 2026 में वह अपनी फ्रेंचाइजी के लिए शुरुआती दो मैच नहीं खेल सकेंगे। आईपीएल में देर से आने वाले खिलाडिय़ों की सूची में हेजलवुड के साथ एक और ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस का नाम भी जुडऩे की संभावना है।



