टोल प्लाजा पर युवक की दबंगई, गाली-गलौज और मारपीट का वीडियो वायरल
कानपुर के शिवराजपुर क्षेत्र स्थित निवादा टोल प्लाजा पर एक युवक की दबंगई का मामला सामने आया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर के शिवराजपुर क्षेत्र स्थित निवादा टोल प्लाजा पर एक युवक की दबंगई का मामला सामने आया है। युवक ने टोल कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि युवक टोल टैक्स दिए बिना ही अपनी गाड़ी निकालने की कोशिश कर रहा था। जब टोल कर्मियों ने उसे रोका, तो वह भड़क गया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कर्मचारियों से मारपीट करने लगा।
इतना ही नहीं, युवक ने टोल प्लाजा का बूम बैरियर भी तोड़ दिया और जबरन गाड़ी निकालकर मौके से फरार हो गया। इस दौरान टोल कर्मियों को उसने दौड़ाया भी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी युवक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जल्द ही आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर



