Mirzapur: आस्था नगरी विंध्याचल देवी धाम क्षेत्र में सेहत के साथ हो रहा खिलवाड़,प्लास्टिक के पन्नी में बेचा जा रहा है गर्म खाद्य पदार्थ
देश के विख्यात देवी धाम विंध्याचल में आने वाले दर्शनार्थियों के सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: देश के विख्यात देवी धाम विंध्याचल में आने वाले दर्शनार्थियों के सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। मेला क्षेत्र में प्लास्टिक प्रतिबंधित होने के बावजूद धड़ल्ले से इसका उपयोग हो रहा है, जिससे प्रदूषण को बढ़ावा मिलने के साथ धाम क्षेत्र गंदगी से भी पटता जा रहा है।
घोर आश्चर्य की बात है कि विंध्याचल धाम में लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करते हुए कुछ दुकानदारों द्वारा प्लास्टिक के पन्नी में देशी घी की गरम जलेबी बेचा जा रहा है। जो न केवल स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है बल्कि कैंसर जैसे गंभीर मर्ज को भी बढ़ावा देने में कारगर है।
विंध्याचल धाम क्षेत्र में नवरात्र मेला के दौरान देश के कोने कोने से लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां आते है,दर्शन-पूजन के पश्चात भक्तगण विंध्य क्षेत्र को घूमना पसंद करते हैं ऐसे में उनके खान-पान के लिए कोई मुक्कमल व्यवस्था न होने से सेहत को लेकर भक्तों को हलकान व परेशान देखा जा सकता है।
गौर करें तो खाद्य पदार्थ ख़ासकर गर्म खाद्य पदार्थों को प्लास्टिक पन्नी में न देकर गत्ते के पैकेट में खाद्य पदार्थ देना चाहिए लेकिन ऐसा न कर दुकानदार प्लास्टिक पन्नी का उपयोग करते हुए आएं हैं।
आश्चर्य की बात है कि विंध्याचल धाम प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र जिला प्रशासन द्वारा घोषित किया गया है, नवरात्र के पहले मुख्यमंत्री द्वारा प्रशासन को निर्देशित भी किया गया पर कुछ दुकानदार के द्वारा मनमानी और बड़े मुनाफे को प्राथमिकता देते हुए आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करते हुए आ रहे है।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरि, मिर्जापुर



