कानपुर में फर्जी पत्रकार निकला सेक्स रैकेट का मास्टरमाइंड, होटल छापेमारी में खुला बड़ा राज
कानपुर में पुलिस ने बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा किया है। फर्जी पत्रकार बनकर आरोपी नौकरी का झांसा देकर बंगाल की युवती को कानपुर लाया और देह व्यापार में धकेल दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कई होटलों के रजिस्टर और CCTV जब्त किए हैं।

4pm न्यूज नेटवर्क: कानपुर में पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस मामले ने इसलिए भी लोगों को चौंका दिया, क्योंकि मुख्य आरोपी खुद को पत्रकार बताकर शहर में नेटवर्क चला रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी नौकरी का झांसा देकर युवतियों को शहर बुलाता था और फिर उन्हें देह व्यापार के धंधे में धकेल देता था।
कई होटलों में एक साथ छापेमारी
मामला कानपुर का है, जहां कमिश्नरेट पुलिस की संयुक्त टीम ने कल्याणपुर समेत शहर के कई होटलों में एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी रोहित वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के पास से एक फर्जी मीडिया चैनल का आईडी कार्ड और शहर के कई होटलों की सूची बरामद हुई है।
यह भी पढ़ें: दुनिया देखे वॉशिंगटन का असली चेहरा, ईरानी राष्ट्रपति का अमेरिका पर तीखा बयान
नौकरी का झांसा देकर युवती को बुलाया
पुलिस जांच में सामने आया कि पश्चिम बंगाल की एक युवती को नौकरी दिलाने का लालच देकर कानपुर बुलाया गया था। जब वह यहां पहुंची तो उसे बंधक बनाकर जबरन देह व्यापार में धकेल दिया गया। बताया जा रहा है कि किसी तरह पीड़िता आरोपियों के चंगुल से निकलकर पुलिस तक पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शहर के कई होटलों में छापेमारी शुरू कर दी।
होटल रजिस्टर और CCTV फुटेज जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई होटलों के रजिस्टर जब्त कर लिए हैं और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में कुछ होटलों में नियमों के उल्लंघन की बात भी सामने आई है, जिससे होटल संचालकों की भूमिका भी जांच के घेरे में आ गई है।
कोलकाता कनेक्शन की जांच
पुलिस का कहना है कि इस रैकेट के तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इस गिरोह में एक व्यक्ति कोलकाता में मौजूद है, जिसे वह “दादा” के नाम से जानती है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। मामले पर जानकारी देते हुए शिवा सिंह ने बताया कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
होटल कारोबारियों में मचा हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद शहर के होटल कारोबारियों में भी हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अगर जांच में किसी होटल संचालक की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस रैकेट से और कितने लोग जुड़े हुए हैं।
रिपोर्ट- प्रांजुल मिश्रा
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड: केदारनाथ में भारी बर्फबारी, 22 अप्रैल से खुलेंगे कपाट



