इकाना में लखनऊ की लगातार सातवीं हार

  • गेंदबाजों की मेहनत पर बल्लेबाजों ने फेरा पानी राजस्थान ने 40 रनों से हराया

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। जोफ्रा आर्चर की अगुवाई में गेंदबाजों के घातक प्रदर्शन के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को 40 रनों से हरा दिया। इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान ने रवींद्र जडेजा की नाबाद 43 रनों की पारी की मदद से 20 ओवर में छह विकेट पर 159 रन बनाए। जवाब में लखनऊ की टीम 18 ओवर में 10 विकेट पर 119 रन ही बना सकी। उनके लिए मिचेल मार्श ने सर्वाधिक 55 रनों की पारी खेली। घरेलू मैदान पर यह लखनऊ की आईपीएल में लगातार सातवीं हार है। इस मामले में टीम ने डेक्कन चार्जर्स और पुणे वॉरियर्स की बराबरी कर ली।
वहीं, इस मामले में शीर्ष पर दिल्ली कैपिटल्स है, जिन्होंने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में लगातार नौ मुकाबले गंवाए। लखनऊ के खिलाफ जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने अंक तालिका में छलांग लगाकर दूसरा स्थान हासिल कर लिया। सात में से पांच मैच जीत चुकी राजस्थान के खाते में 10 अंक हो गए हैं। वहीं, लखनऊ सात में से पांच मुकाबले हारकर नौवें स्थान पर बनी हुई है। शीर्ष पर फिलहाल पंजाब किंग्स का दबदबा है, जो अब तक इस टूर्नामेंट में अजेय है। आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद आठ-आठ अंकों के साथ क्रमश: तीसरे और चौथे पायगान पर हैं। 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत खराब हुई। महज 11 के स्कोर पर टीम ने तीन विकेट गंवा दिए। मिचेल मार्श ने निकोलस पूरन के साथ चौथे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की। लेकिन मार्श के आउट होते ही लखनऊ का संघर्ष खत्म हो गया और टीम आलआउट हो गयी।

वानखेड़े में मुंबई का चेन्नई से मुकाबला आज

वानखेड़े। आईपीएल 2026 के 33वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से होगा। मैच से ज्यादा प्रशंसकों को रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी को आमने-सामने देखने का इंतजार है। रोहित फिलहाल हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे हैं, उनके इस मैच में खेलने की उम्मीद है। वहीं, धोनी भी इस मैच से आईपीएल में वापसी कर सकते हैं। दोनों ही टीमें इस सीजन अब तक संघर्ष करती नजर आई हैं। छह मैचों में सिर्फ दो जीत के साथ मुंबई और चेन्नई अंक तालिका में पीछे हैं। सीएसके को चोटों ने काफी प्रभावित किया है, और उनके टॉप स्कोरर आयुष म्हात्रे भी अब पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं। मुंबई ने अब तक 20 खिलाडिय़ों को आजमाया है, जो टीम के संतुलन की तलाश को दिखाता है। हालांकि, मुंबई ने अपने पिछले मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ शानदार जीत दर्ज कर आत्मविश्वास हासिल किया है।

Related Articles

Back to top button