आरआर के खिलाफ पैट कमिंस की वापसी तय

- सनराइजर्स हैदराबाद का राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच आज
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। आईपीएल 2026 के 36वें मुकाबले में आज सनराइजर्स हैदराबाद को राजस्थान रॉयल्स से भिडऩा है। इस मुकाबले से पहले हैदराबाद के लिए राहत भरी खबर आई है। टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस पूरी तरह से फिट हो चुके हैं और इस मुकाबले में खेलते नजर आएंगे। पैट कमिंस का यह आईपीएल 2026 में पहला मुकाबला होगा। ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट कप्तान ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया, और अब उन्होंने कन्फर्म किया है कि वह राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे।
कमिंस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर पोस्ट में लिखा, बहुत समय से इंतजार था, शनिवार वापसी करने के लिए बेताब हूं। कमिंस की गैरमौजूदगी में सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने तेज गेंदबाजी अटैक में लगातार बदलाव किया है। शुरुआती मुकाबलों में हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट को आजमाने के बाद एसआरएच ने प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन को प्लेइंग इलेवन में जगह दी थी। हिंगे और साकिब ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए अपने डेब्यू मुकाबले में चार-चार विकेट चटकाए थे। पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में एसआरएच की कप्तानी की जिम्मेदारी ईशान किशन संभाल रहे हैं। आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद ने अब तक खेले 7 मुकाबलों में से 4 में जीत दर्ज की है, जबकि 3 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। एसआरएच ने आखिरी मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 47 रनों से जीत दर्ज की थी।
गुजरात को हराकर दूसरे नंबर पर पहुंची आरसीबी
बंगलूरू। शुक्रवार को आरसीबी और गुजरात टाइटंस जीटी के बीच खेला गया। विराट कोहली और देवदत्त पड्डिकल की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर आरसीबी ने मैच 5 विकेट से जीत लिया। पंजाब किंग्स छह मैचों में 11 अंक के साथ पहले स्थान पर है। आरसीबी सात मैचों में 10 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। राजस्थान रॉयल्स सात मैच में 10 अंक के साथ तीसरे स्थान, सनराइजर्स हैदराबाद सात मैचों में आठ अंक के साथ चौथे स्थान पर है। सीएसके सात मैच में छह अंक के साथ पाचवें स्थान पर है। जीटी के खिलाफ 81 रन की पारी खेल प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीतने वाले विराट कोहली सीजन के शीर्ष स्कोरर बन गए हैं। विराट ने अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ते हुए ऑरेंज कैप अपने नाम कर लिया है। विराट के सात मैचों में 328 रन हो गए हैं। अभिषेक 323 रन के साथ दूसरे और हेनरिक क्लासेन 320 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं। पर्पल कैप पर चेन्नई के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज सात मैचों में 14 विकेट लिए हैं। लखनऊ के प्रिंस यादव सात मैचों में 13 विकेट के साथ दूसरे और सनराइजर्स हैदराबाद के ईशान मलिंगा 12 विकेट लेकर तीसरे स्थान पर हैं।



