उन्नाव में बड़ा हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को कुचला

उन्नाव जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी,

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उन्नाव जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी,

जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के हरदोई-उन्नाव मार्ग पर हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक पर एक ही परिवार के चार लोग सवार थे—पिता, उनकी बेटी और दो नातिनें। बताया जा रहा है कि सभी किसी निजी कार्य से जा रहे थे, तभी अचानक सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार पिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी भी शुरू कर दी है।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में ट्रक की तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
रिपोर्ट- रंजन बाजपेई “निडर”,उन्नाव

Related Articles

Back to top button