खुशियां लेकर लौट रहे थे, सड़क पर बिछ गई लाशें! बांदा का दिल दहला देने वाला हादसा

बांदा में शादी से लौट रहे भाई-बहन और पति सड़क हादसे का शिकार हो गए। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बुलेट बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें नवविवाहिता प्रभा और अजय की मौत हो गई, जबकि पति राकेश गंभीर रूप से घायल है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक ऐसा सड़क हादसा सामने आया है, जिसने खुशियों से भरे एक परिवार को पलभर में मातम में बदल दिया। शादी समारोह से लौट रहे तीन लोगों को क्या पता था कि घर पहुंचने से पहले ही मौत उनका इंतजार कर रही है। कोतवाली क्षेत्र के पड़मई गांव के पास रविवार तड़के तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सामने से आ रही बुलेट बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि मौके पर ही दो जिंदगियां खत्म हो गईं, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। इस हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह है कि मृतक युवती की शादी अभी सिर्फ तीन महीने पहले ही हुई थी। नई जिंदगी की शुरुआत करने वाली दुल्हन की कहानी इतनी जल्दी खत्म हो जाएगी, किसी ने सोचा भी नहीं था।

भीषण टक्कर में उड़ गए बाइक के परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भयानक था कि बुलेट बाइक के परखच्चे उड़ गए। टक्कर के बाद बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में पलट गई। हालांकि, उसमें सवार लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।

भाई-बहन की मौत, पति गंभीर घायल

इस दर्दनाक हादसे में बरुआ कालिंजर निवासी अजय राजपूत (24) और उसकी मौसेरी बहन प्रभा राजपूत (20) की मौत हो गई। वहीं प्रभा का पति राकेश (23) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। तीनों एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। परिवार खुशियों के साथ उनके लौटने का इंतजार कर रहा था, लेकिन घर पहुंची सिर्फ मौत की खबर।

तीन महीने पहले हुई थी शादी

प्रभा राजपूत की शादी फरवरी 2026 में हुई थी। शादी को अभी तीन महीने भी पूरे नहीं हुए थे कि उसकी जिंदगी सड़क हादसे की भेंट चढ़ गई। नवविवाहिता की मौत से ससुराल और मायके, दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। जिस घर में कुछ महीने पहले शहनाइयां बजी थीं, वहां अब मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अजय था पिता का इकलौता बेटा

इस हादसे में जान गंवाने वाला अजय राजपूत अपने पिता का इकलौता बेटा था। वह एसएससी की तैयारी कर रहा था और परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। एक तरफ नई शादी का सपना टूटा, तो दूसरी तरफ एक पिता के बुढ़ापे का सहारा छिन गया। एक सड़क हादसे ने दो परिवारों के सपनों को एक साथ खत्म कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। टक्कर के बाद सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है। फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि वाहन मालिक और उसमें सवार लोगों की पहचान की जा रही है।

रिपोर्ट -इक़बाल खान

यह भी पढ़ें: LIVE VIDEO में कैद मौत! भतीजे ने पहले ट्रैक्टर से कुचला, फिर डंडों से पीटकर चाचा की हत्या

Related Articles

Back to top button