सुपरओवर में केकेआर ने जीता मैच

- लखनऊ अंक तालिका में आखिरी स्थान पर लुढ़की
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने रविवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ सुपरओवर में शानदार जीत दर्ज की। रविवार को इकाना में खेले गए मुकाबले में रोमांच चरम पर रहा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने रिंकू सिंह की नाबाद (50 गेंदों में 83 रनों) की मदद से 20 ओवर में सात विकेट पर 155 रन बनाए। जवाब में लखनऊ की टीम ने भी निर्धारित ओवरों में आठ विकेट खोकर 155 रन बनाए और मुकाबला सुपरओवर में पहुंच गया।
लखनऊ की तरफ से बल्लेबाजी के लिए निकोलस पूरन पहली गेंद पर बोल्ड हुए। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए ऋ षभ पंत आए। पंत ने एक रन चुराया। फिर मार्करम तीसरी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में रिंकू सिंह को कैच थमा बैठे। इस तरह सुपरओवर में लखनऊ सिर्फ एक रन बना पाई कोलकाता की तरफ से पहली ही गेंद पर रिंकू सिंह ने शानदार चौका लगाकर केकेआर को जीत दिलाई। लगातार पांच मैचों में हार के बाद लखनऊ की टीम आईपीएल 2026 की अंक तालिका में आखिरी स्थान पर पहुंच गई है, जबकि केकेआर ने आठवां स्थान हासिल कर लिया। इस टूर्नामेंट में आठ में से छह मुकाबले गंवा चुकी लखनऊ के खाते में सिर्फ चार अंक हैं। वहीं, केकेआर आठ में दो मैच जीतकर और एक मुकाबला रद्द होने के कारण पांच अंक खाते में जोड़े है। 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मिचेल मार्श सिर्फ दो रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए एडेन मार्करम और कप्तान ऋषभ पंत ने 57 रनों की अहम साझेदारी निभाई। इसके बाद कोई अन्य बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका।
सैमसन सबसे कम गेंदों में 5000 रन करने वाले तीसरे बल्लेबाज
चेन्नई। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने रविवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। वह आईपीएल में सबसे कम गेंदों में पांच हजार रन पूरे करने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए। इस मामले में उन्होंने सुरेश रैना और महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ दिया। सीएसके का सामना चेपॉक स्टेडियम में रविवार को गुजरात से हुआ। इस मुकाबले में सैमसन दो चौकों की मदद से सिर्फ 11 रन बना पाए, लेकिन वह आईपीएल में पांच हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए। इतना ही नहीं वह यह कारनामा सबसे कम गेंदों में करने वाले तीसरे बल्लेबाज भी बन गए। सबसे कम गेंदों में आईपीएल में पांच हजार रन पूरे करने का रिकॉर्ड एबी डिविलियर्स के नाम है, जिन्होंने 3288 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी। दूसरे स्थान पर डेविड वॉर्नर हैं, जिन्होंने 3554 गेंदों का सहारा लिया। वहीं, तीसरे स्थान पर संजू सैमसन हैं, जिन्होंने 3555 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की। चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर क्रमश: सुरेश रैना (3620 गेंदें), केएल राहुल (3688 गेंदें) और महेंद्र सिंह धोनी (3691 गेंदें) हैं।



