‘नाली पर कब्जा, मोहल्ला बना नरक’: बांदा के विराट नगर में सीवर का पानी घरों में घुसा, लोगों में आक्रोश

बांदा के विराट नगर में नाली पर कब्जे के कारण सीवर का गंदा पानी घरों में घुस रहा है। सड़कों पर कीचड़ और बदबू से लोग परेशान हैं। शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर लोगों में आक्रोश, प्रदर्शन की चेतावनी दी गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  बांदा शहर के विराट नगर की एक गली इन दिनों बदहाली की ऐसी तस्वीर पेश कर रही है, जिसे देखकर कोई भी हैरान रह जाए। गली नंबर 3, मुक्तिधाम रोड क्योटरा में हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। नालियों का निकास बंद होने के कारण सड़कों पर बहता गंदा पानी अब घरों के अंदर तक पहुंच चुका है। बदबू, कीचड़ और बीमारी के खतरे के बीच लोग मजबूर होकर रहने को विवश हैं।

नाली बंद, सड़क बनी दलदल

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इलाके में पहले पानी का निकास सामान्य रूप से होता था। लेकिन हाल ही में एक व्यक्ति द्वारा कथित अवैध निर्माण कर नाली का रास्ता रोक दिया गया। इसके बाद से पूरे मोहल्ले की स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। बारिश या पानी के बहाव के साथ गंदगी सड़कों पर जमा हो जाती है, जिससे पूरी गली दलदल में तब्दील हो गई है। हालात यह हैं कि पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है।

“बच्चों को स्कूल भेजना भी खतरे से खाली नहीं”

स्थानीय निवासी रेनू सिंह ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि इस गंदगी और फिसलन भरे रास्ते में बच्चों को स्कूल भेजना अब जोखिम भरा हो गया है। उनके मुताबिक, कई बार लोग फिसलकर गिर चुके हैं और चोटिल भी हुए हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही।

“दबंग के आगे झुका सिस्टम?”

एक अन्य निवासी वीरेंद्र सिंह का आरोप है कि नाली पर कब्जा किए जाने के बाद से ही समस्या शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि पहले पानी आसानी से निकल जाता था, लेकिन अब निकासी पूरी तरह बंद हो गई है। कई बार प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रशासन दबंगों के आगे बेबस हो गया है?

घरों में घुसा गंदा पानी, जीना हुआ मुश्किल

हीरामनी गुप्ता ने बताया कि उनके घर के अंदर तक गंदा पानी भर गया है। घर में बैठने तक की जगह नहीं बची है। चारों तरफ बदबू और गंदगी का माहौल है, जिससे बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।

प्रशासन पर उठे सवाल, लोगों ने दी चेतावनी

लगातार बिगड़ते हालात के बीच अब मोहल्ले के लोगों का गुस्सा भी खुलकर सामने आ रहा है। स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नाली की निकासी बहाल नहीं की गई, तो वे सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। गंदे पानी के जमाव से डायरिया, डेंगू और अन्य संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ गई है। विशेषज्ञों के मुताबिक, ऐसे हालात लंबे समय तक बने रहने पर स्थिति और गंभीर हो सकती है।

रिपोर्ट -इक़बाल खान

यह भी पढ़ें: तपते बांदा पर मेहरबान मौसम! बारिश ने दी राहत, लेकिन बढ़ा खतरा

Related Articles

Back to top button