आदिवासियों के साथ हो रहा जानवरों से भी बदतर व्यवहार
सुप्रिया श्रीनेत ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

- मप्र में आदिवासी युवक की पिटाई का वीडियो वायरल, मामले ने पकड़ा तूल
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
सिंगरौली। सिंगरौली के निगाही सीएचपी मधुकान क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक असहाय अनुसूचित जनजाति के व्यक्ति के साथ बर्बर मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग युवक को बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं, जबकि मौके पर मौजूद अन्य लोग मूकदर्शक बने हुए दिखाई दे रहे हैं। इस मामले ने क्षेत्र में गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वहीं विपक्ष ने बीजेपी की सरकार पर निशाना साधा है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सोशल मीडिया की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत ने एक्स पर वीडियो साझा करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सिंगरौली में एक असहाय आदिवासी आदमी को भद्दी-भद्दी गालियां देकर बुरी तरह से पीटने का यह वीडियो मानवता को शर्मसार करता है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों का दावा है कि घटना के दौरान कुछ लोगों ने मारपीट के लिए उकसाया भी, यहां तक कि पैर तोडऩे जैसी बातें भी कही गईं। सूत्रों के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम में मधुकान कंपनी से जुड़े कुछ अधिकारियों के नाम भी सामने आ रहे हैं, जिनमें डीजीएम विनीत पांडे, एमडी सिंह और जगदीश सिंह का उल्लेख किया जा रहा है। आरोप है कि उनके संरक्षण या मौन सहमति में यह घटना हुई। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। आदिवासियों की जमीन छीनने के साथ ही साथ उनके साथ खुलेआम जानवरों से भी बदतर व्यवहार हो रहा है। डबल इंजन सरकार में यह बर्बरता हो रही है और भाजपा में सुई टपक सन्नाटा है। इन दरिंदों को पुलिस, प्रशासन, सरकार किसी का डर क्यों नहीं है? कितना दुखद है कि आदिवासियों के साथ हमारे देश में यह अराजकता तब हो रही है।



