मुंबई की प्लेऑफ की उम्मीदों पर फिरा पानी

भुवनेश्वर-क्रूणाल ने बिखेरा जलवा

  • रोहित ने की सर्वाधिक आईपीएल मैच खेलने के मामले में धोनी-कोहली की बराबरी

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
रायपुर। भुवनेश्वर की अगुवाई में गेंदबाजों के घातक प्रदर्शन और क्रूणाल की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर आरसीबी ने मुंबई इंडियंस को दो विकेट से हरा दिया। रायपुर में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने तिलक वर्मा की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में सात विकेट पर 166 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने निर्धारित ओवरों में आठ विकेट खोकर 167 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। मुंबई के लिए इस मैच में कॉर्बिन बॉश ने चार और दीपक चाहर ने दो विकेट लिए।
इस जीत के साथ आरसीबी अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई और प्लेऑफ की उम्मीदों को और मजबूत कर लिया है। वहीं, मुंबई इंडियंस का सफर लगभग समाप्त हो चुका है। फिलहाल टीम 11 में से आठ मुकाबले हारकर अंक तालिका में छह अंकों के साथ नौवें स्थान पर है जबकि लखनऊ 10वें पायदान पर है। इस तालिका में दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर क्रमश: सनराइजर्स हैदराबाद, गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स मौजूद है। वहीं इस मैच में रोहित शर्मा ने आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक मैच खेलने वाले संयुक्त रूप से नंबर-1 खिलाड़ी बन गए। यह उनका 278वां आईपीएल मैच था। महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली भी इतने ही आईपीएल मैच खेल चुके हैं। इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर रवींद्र जडेजा ने 265 मैच खेले हैं, जबकि दिनेश कार्तिक 257 मुकाबलों के साथ तीसरे पायदान पर हैं। आईपीएल में अब तक सिर्फ 12 ही खिलाड़ी 200 मैच खेले हैं। रोहित शर्मा ने दो शतकों के साथ 7,289 रन बनाए हैं। जबकि कोहली ने आठ शतकों के साथ 9,040 रन जुटाए हैं। महेंद्र सिंह धोनी ने 278 आईपीएल मुकाबलों में 5,439 रन बनाए हैं।

भुवनेश्वर ने रचा इतिहास: चौथी बार एक सीजन में पूरे किए 20 विकेट

रायपुर। आरसीबी के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ महज 23 रन देकर चार विकेट झटके। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने आईपीएल 2026 में अपने 20 विकेट पूरे कर लिए। इसके साथ ही वह आईपीएल इतिहास में चौथी बार किसी एक सीजन में 20 या उससे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। भुवनेश्वर कुमार अब आईपीएल में सबसे ज्यादा बार एक सीजन में 20 विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि इससे पहले 2014, 2016 और 2017 में हासिल की थी। इस मामले में उन्होंने लसिथ मलिंगा और जसप्रीत बुमराह की बराबरी कर ली है, जिन्होंने भी चार-चार बार यह उपलब्धि हासिल की है। इस मामले में शीर्ष पर युजवेंद्र चहल हैं, जिन्होंने पांच अलग-अलग आईपीएल सीजन में 20 विकेट पूरे किए हैं। 36 वर्षीय भुवनेश्वर कुमार का आईपीएल करियर भी बेहद शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 201 मुकाबलों में 219 विकेट हासिल किए हैं। दो बार उन्होंने एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा भी किया है।

Related Articles

Back to top button