टेंडर का खेल या रंगदारी? सीतापुर में ठेकेदार ने लगाए अपहरण और लाखों की वसूली के आरोप

सीतापुर के ऐलिया ब्लॉक में कार्यरत एक ठेकेदार ने ब्लॉक प्रमुख के पति समेत कई लोगों पर अपहरण, बंधक बनाने, मारपीट और लाखों रुपये वसूलने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने साक्ष्यों के साथ एसपी को शिकायत देकर एफआईआर और कार्रवाई की मांग की है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सरकारी विकास कार्यों और टेंडर प्रक्रिया को लेकर अक्सर विवाद सामने आते रहते हैं, लेकिन सीतापुर में सामने आया एक मामला कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। जिले के ऐलिया ब्लॉक क्षेत्र में कार्य कर रहे एक ठेकेदार ने ब्लॉक प्रमुख के पति समेत कई लोगों पर अपहरण, बंधक बनाने, मारपीट, रंगदारी और लाखों रुपये की अवैध वसूली जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर पीड़ित ठेकेदार ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर साक्ष्यों सहित शिकायत पत्र सौंपा है और एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

विकास कार्यों के बीच शुरू हुआ विवाद

लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के रायपुरगंज निवासी अंकित किशोर ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि वह अपनी फर्म के माध्यम से विकास खंड ऐलिया क्षेत्र में निर्माण कार्य करा रहा है। शिकायत के अनुसार, टेंडर और कार्य भुगतान से जुड़े मामलों में ब्लॉक प्रमुख के पति द्वारा कथित रूप से अवैध धनराशि की मांग की गई। ठेकेदार का दावा है कि उसके पास बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य दस्तावेजी साक्ष्य मौजूद हैं।

रुपये न देने पर धमकी देने का आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उसने कथित रूप से धनराशि देने से इनकार किया तो उसके कार्यों में बाधा उत्पन्न की जाने लगी। आरोप है कि फर्म को ब्लैकलिस्ट कराने, जांच बैठवाने और भुगतान रोकने जैसी धमकियां दी गईं। ठेकेदार ने यह भी आरोप लगाया कि बेलगवां गांव में चल रहे अन्नपूर्णा भवन के प्लास्टर कार्य को भी रुकवा दिया गया, जिससे उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

कार रोककर अगवा करने का आरोप

प्रार्थना पत्र के मुताबिक, बीते गुरुवार को जब वह निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराने के लिए क्षेत्र में पहुंचा तो काजी कमालपुर पेट्रोल पंप चौराहे के पास उसकी कार को रोक लिया गया। ठेकेदार का आरोप है कि ब्लॉक प्रमुख के पति के भतीजे शिवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गोलू, एक निजी गनर और अन्य लोगों ने उसे जबरन वाहन सहित अपने कब्जे में ले लिया और हथूरी गांव ले जाकर बंधक बना लिया।

जातिसूचक टिप्पणी और मारपीट का भी आरोप

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि बंधक बनाए जाने के दौरान उसके साथ मारपीट की गई और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। इतना ही नहीं, उसकी जेब में रखे एक लाख रुपये छीन लेने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कथित रूप से हथियारों के बल पर उससे चेक, स्टांप पेपर और अन्य दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए। साथ ही उसके बैंक खाते से चार लाख रुपये निकलवाने का भी आरोप लगाया गया है।

पुलिस अधीक्षक को सौंपे साक्ष्य

गंभीर आरोपों के साथ पीड़ित शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और मामले से जुड़े कथित साक्ष्य अधिकारियों को सौंपे। उसने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

रिपोर्ट: वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: उन्नाव: अंतरधार्मिक शादी के बाद बढ़ा तनाव? महिला ने रिश्तेदारों पर लगाए गंभीर आरोप

Related Articles

Back to top button