हर जगह डकै ती कर रही भाजपा : राउत

- अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे में गड़बड़ी को लेकर रार
- शिवसेना यूबीटी ने बीजेपी को घेरा
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने शुक्रवार को अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे के 7 करोड़ रुपये के कथित गबन को लेकर भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकारों की आलोचना की और दावा किया कि बीजेपी में चोरी बड़े पैमाने पर होती है। उन्होंने कहा कि पार्टी का सब कुछ चुराने का इतिहास रहा है, जिसमें ईवीएम और भगवान राम के लिए भक्तों का चढ़ावा भी शामिल है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राउत ने घोषणा की कि शिवसेना (यूबीटी) अयोध्या जाकर भगवान राम के सामने सिर झुकाएगी और उनसे माफ़ी मांगेगी।
राउत ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे के तौर पर आए 5 करोड़ रुपये से ज़्यादा की जो डकैती हुई, वह सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रही है… अगर राम को चढ़ाए गए 5 करोड़ रुपये चोरी हो जाते हैं, तो इसके लिए यूपी और केंद्र, दोनों जगह आपकी सरकार जिम्मेदार है। आप ईवीएम, वोट और सीटें तो चुराते ही हैं, अब राम के चढ़ावे से भी चोरी कर रहे हैं, आपके साथ हर जगह चोरी ही चोरी है। हमें लगता है कि भगवान राम हमें वापस बुला रहे हैं। कल मैंने उद्धव ठाकरे जी से बात की और कहा कि हमें अयोध्या जाना चाहिए। इसलिए, अयोध्या जाने का कार्यक्रम बनाया जा रहा है। हम सबसे पहले अयोध्या जाएँगे। हम सबसे पहले भगवान राम से मिलेंगे। हम सिर झुकाकर भगवान श्री राम से माफी मांगेंगे। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के इन आरोपों के बाद राउत की टिप्पणी आई है कि दान में मिली बड़ी रकम गायब हो गई है और उन्होंने इसकी न्यायिक जांच की मांग की है। यह विवाद अयोध्या से पूर्व विधायक पवन पांडे के दावों से शुरू हुआ, जिन्होंने कहा था कि 7 करोड़ रुपये से 7.5 करोड़ रुपये के दान में हेराफेरी की गई। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने इन आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है।



