बरेली हत्याकांड में बड़ा खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में दबोचा गया अर्जुन मौर्य हत्याकांड का आरोपी
बरेली के अर्जुन मौर्य हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी अर्पित उर्फ पहाड़ी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल तमंचे से ही पुलिस पर फायरिंग की थी। एक अन्य आरोपी अब भी फरार है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली में 21 वर्षीय युवक अर्जुन मौर्य की सरेआम गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। घटना के तीन दिन बाद बारादरी पुलिस ने हत्या के एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब शहर में दिनदहाड़े हुई हत्या को लेकर लोगों में आक्रोश था और पुलिस पर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दबाव बढ़ रहा था।
15 जून को हुई थी अर्जुन मौर्य की हत्या
जानकारी के अनुसार, 15 जून को थाना बारादरी क्षेत्र के गोसाई घोटिया निवासी 21 वर्षीय अर्जुन मौर्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता राकेश मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद से पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार जुटी हुई थीं और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेरा
पुलिस के मुताबिक, 18 जून को थाना बारादरी पुलिस डोहरा चौराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि संजयनगर हत्याकांड में वांछित आरोपी अर्पित और उसका साथी कुश हरुनगला रोड की ओर से कहीं भागने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एफसीआई गोदाम के पास घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। कुछ देर बाद दो संदिग्ध युवक भरतौल की तरफ से आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, जिसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी
पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर गिर पड़ा। जबकि उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। घायल आरोपी की पहचान अर्पित उर्फ पहाड़ी पुत्र शोमेन्द्र मौर्य निवासी संजयनगर, थाना बारादरी के रूप में हुई है।
हत्या में इस्तेमाल तमंचा बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित रूप से स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अर्जुन मौर्य की हत्या की थी। आरोपी ने यह भी बताया कि पुलिस पर जिस तमंचे से फायर किया गया, उसी हथियार का इस्तेमाल अर्जुन की हत्या में किया गया था। हालांकि पुलिस अब बरामद हथियार की फॉरेंसिक जांच और बैलिस्टिक परीक्षण के जरिए इसकी पुष्टि कराने की प्रक्रिया में जुटी है।
अस्पताल में भर्ती कराया गया आरोपी
मुठभेड़ में घायल हुए आरोपी अर्पित को प्राथमिक कार्रवाई के बाद उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस की निगरानी में उसका इलाज जारी है। वहीं फरार आरोपी कुश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस का बयान
इस मामले में एएसपी आशुतोष शिवम ने बताया कि हत्या के मामले में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की गई थी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल होकर पकड़ा गया है जबकि दूसरे की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा कर सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
शहर में चर्चा का विषय बना हत्याकांड
अर्जुन मौर्य की हत्या ने बरेली में कानून-व्यवस्था को लेकर बहस छेड़ दी थी। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, हालांकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी।
रिपोर्ट: सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: आयुष्मान कार्ड दिखाया, फिर भी वसूले हजारों रुपये! बरेली के गंगा चरण अस्पताल पर लोक अदालत का बड़ा फैसला



