मिर्जापुर में तेज रफ्तार का कहर, ट्रक से भिड़ी कार, दंपति की मौत

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के कटनी जिले के रहने वाले पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई,

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के कटनी जिले के रहने वाले पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई,

जबकि कार में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि मृतक दंपति के दो मासूम बच्चे इस भीषण हादसे में सुरक्षित बच गए। दुर्घटना उस समय हुई जब सभी लोग वाराणसी स्थित बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे।

रात दो बजे हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के अनुसार, यह हादसा रविवार रात करीब 2:00 बजे ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-135 (NH-135) पर लहुरियादह के पास आरबीएस ढाबा, भेसोड़ बालाय पहाड़ के ऊपर हुआ। बताया जा रहा है कि मिर्जापुर से हनुमाना जाने वाली लेन में एक ट्रक (UP 67 AT 0054) सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही अर्टिगा कार (MP 21 ZD 7405) अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे कई लोग अंदर ही फंस गए।

काशी विश्वनाथ के दर्शन कर लौट रहा था परिवार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी लोग मध्य प्रदेश के रहने वाले थे और वाराणसी में बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। यात्रा के दौरान मिर्जापुर के ड्रमंडगंज क्षेत्र में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

कटर से काटकर निकाले गए कार में फंसे लोग

हादसे की सूचना मिलते ही ड्रमंडगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। दुर्घटना की भयावह स्थिति को देखते हुए पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को निकालने के लिए कटर मशीन का सहारा लेना पड़ा। क्षेत्राधिकारी लालगंज और प्रभारी निरीक्षक ड्रमंडगंज भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य की निगरानी की। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों और मृतकों को कार से बाहर निकाला गया।

पति-पत्नी की मौके पर ही मौत

इस दर्दनाक हादसे में कटनी जिले के रहने वाले पति-पत्नी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है—विकास ताम्रकार (35 वर्ष), पुत्र धानू ताम्रकार, निवासी बरही, थाना बरही, जिला कटनी, मध्य प्रदेश।सोनम ताम्रकार (31 वर्ष), पत्नी विकास ताम्रकार, निवासी उपरोक्त। दोनों की मौत से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

दो मासूम बच्चे सुरक्षित बचे

हादसे के समय मृतक दंपति के दो छोटे बच्चे भी कार में मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि दोनों बच्चों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।सुरक्षित बच्चों के नाम—शिवांश (लगभग 4 वर्ष),रुद्र (लगभग डेढ़ वर्ष) भीषण दुर्घटना के बावजूद दोनों बच्चों का सुरक्षित बच जाना किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है।

चार लोग गंभीर रूप से घायल

हादसे में कार सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों की पहचान इस प्रकार हुई है—हीरालाल (23 वर्ष), पुत्र अवंती, निवासी चिड़िया, जिला कटनी (कार चालक),हिमांशु ताम्रकार (27 वर्ष), निवासी उचेहरा, जिला सतना,सक्षम ताम्रकार (17 वर्ष), निवासी नागौध, जिला सतना,राधा (40 वर्ष), पत्नी प्रहलाद, निवासी नागौध, जिला सतना।

सभी घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लालगंज भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने हादसे की सूचना मृतकों और घायलों के परिजनों को दे दी है। जानकारी मिलते ही परिजन मध्य प्रदेश के कटनी और सतना से मिर्जापुर पहुंच गए हैं। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक दोनों को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में ट्रक सड़क पर खड़ा होने की बात सामने आई है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है। उसका नाम और पता अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस की कार्रवाई जारी

ड्रमंडगंज थाना पुलिस का कहना है कि मामले में सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा, तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों से जुड़े जोखिमों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

रिपोर्ट:- संतोष देव गिरि, मिर्जापुर 

Related Articles

Back to top button