नैमिषारण्य में सांड का आतंक! 24 घंटे में तीन लोगों पर हमला, इलाके में दहशत

सीतापुर के नैमिषारण्य में आवारा सांड ने 24 घंटे के भीतर दो बुजुर्गों समेत तीन लोगों को घायल कर दिया। पालिका की टीम ने एक घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद सांड को पकड़ लिया। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश की प्रसिद्ध तीर्थ नगरी नैमिषारण्य में आवारा सांड का आतंक लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। बीते 24 घंटे के भीतर सांड के हमले में दो बुजुर्गों समेत एक बच्चा घायल हो गया। लगातार हो रही घटनाओं के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों और पालिका की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सांड को पकड़कर स्थिति पर नियंत्रण पाया। घटना के बाद लोगों ने आवारा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।

65 वर्षीय बुजुर्ग पर किया हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चक्रतीर्थ रोड पर एक 65 वर्षीय बुजुर्ग पर सांड ने अचानक हमला कर दिया। सांड ने उन्हें कई बार पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने लाठी-डंडों की मदद से किसी तरह सांड को वहां से खदेड़ा और घायल को सुरक्षित निकाला। इसी दौरान दो अन्य लोग, जिनमें एक बुजुर्ग और एक बच्चा शामिल हैं, भी सांड के हमले का शिकार हो गए।

एंबुलेंस नहीं मिली, ऑटो से अस्पताल पहुंचाया

स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के समय एंबुलेंस समय पर उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके चलते घायलों को ऑटो रिक्शा के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पालिका टीम ने चलाया रेस्क्यू अभियान

सूचना मिलने के बाद नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और सांड को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सांड को काबू में कर लिया गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

आवारा पशुओं की समस्या पर उठे सवाल

लगातार हो रही घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि धार्मिक नगरी होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक आते-जाते हैं। ऐसे में आवारा पशुओं का खुलेआम घूमना कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से नियमित अभियान चलाकर आवारा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर भेजने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

रिपोर्ट -वली चौधरी

यह भी पढ़ें: ‘हमें बचा लीजिए…’ न्याय की गुहार लेकर SSP पहुंची महिला, दबंगों पर लगाए सनसनीखेज आरोप

Related Articles

Back to top button