खेत में काम करते-करते चली गई जान! करंट लगने से किसान की दर्दनाक मौत

मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के कलवारी खुर्द गांव में खेत की सिंचाई के दौरान समरसेबल पंप चालू करते समय करंट लगने से 55 वर्षीय किसान की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: खेती-किसानी में इस्तेमाल होने वाले बिजली उपकरण कई बार लापरवाही या तकनीकी खराबी के चलते जानलेवा साबित हो जाते हैं। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से ऐसी ही एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां खेत की सिंचाई के लिए समरसेबल पंप चालू करते समय एक किसान करंट की चपेट में आ गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

मिर्जापुर के कलवारी खुर्द गांव में हुआ हादसा

यह घटना मिर्जापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के कलवारी खुर्द गांव की है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राज कुमार उर्फ मनसा पटेल (55 वर्ष) पुत्र श्रीराम बुधवार सुबह रोज की तरह अपने खेत पर फसल की सिंचाई करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि खेत में लगे समरसेबल पंप को चालू करते समय अचानक वह विद्युत करंट की चपेट में आ गए। करंट लगते ही वह मौके पर अचेत होकर गिर पड़े।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही चली गई जान

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन तत्काल उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मड़िहान लेकर पहुंचे। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. आर.एस. वर्मा ने जांच के बाद किसान को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों की पुष्टि के बाद पुलिस की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए मिर्जापुर भेज दिया गया।

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने के बाद मड़िहान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

राज कुमार उर्फ मनसा पटेल की अचानक हुई मौत से परिवार सदमे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना के बाद शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी

यह भी पढ़ें: बदायूँ में रिटायर शिक्षक के घर रातों-रात लाखों की चोरी, सुबह उठे तो उड़े होश

Related Articles

Back to top button