सीतापुर में दिनदहाड़े बड़ी टप्पेबाजी, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

सीतापुर के जहांगीराबाद कस्बे में दिनदहाड़े पिकअप चालक से 2.30 लाख रुपये से भरा बैग टप्पेबाज लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  सीतापुर जिले के जहांगीराबाद कस्बे में दिनदहाड़े हुई टप्पेबाजी की घटना ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सदरपुर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने उस समय वारदात को अंजाम दिया, जब पिकअप चालक सामान उतारने में व्यस्त था। इसी दौरान नकदी से भरा बैग लेकर उचक्के फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

सामान उतारने की व्यस्तता का उठाया फायदा

जानकारी के अनुसार, पिकअप चालक बिसवां से किराना सामान खरीदने के लिए करीब 2.30 लाख रुपये लेकर निकला था। जहांगीराबाद कस्बे में वाहन से सामान उतारते समय चालक का ध्यान काम में लगा हुआ था। इसी बीच चार बाइकों पर सवार होकर पहुंचे करीब आठ टप्पेबाजों ने नकदी से भरा बैग पार कर दिया और मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

घटना की सूचना मिलते ही सदरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में पूरी वारदात रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

व्यापारियों में नाराजगी

दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश है। उनका कहना है कि बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

रिपोर्ट -वली चौधरी

यह भी पढ़ें: खेत में काम करते-करते चली गई जान! करंट लगने से किसान की दर्दनाक मौत

Related Articles

Back to top button