दादी की लाश गन्ने के खेत में मिली, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला चौंकाने वाला राज!
सीतापुर के मिश्रिख क्षेत्र में गन्ने के खेत में मिली 65 वर्षीय वृद्धा की मौत हत्या निकली। पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पोते के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर जिले के मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में गन्ने के खेत से बरामद 65 वर्षीय वृद्धा के शव के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मृतका के रिश्ते के पोते के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला हत्या का राज
पुलिस के अनुसार, उचौली गांव निवासी शिवरानी (65) सोमवार सुबह करीब 9 बजे बकरी चराने के लिए घर से निकली थीं। दोपहर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। शाम करीब 6 बजे ग्रामीणों ने गांव के बाहर नहर किनारे महिपाल यादव के गन्ने के खेत में उनका शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर मिश्रिख कोतवाली पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारियों ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों की तहरीर पर पोते के खिलाफ केस दर्ज
मंगलवार को डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। रिपोर्ट सामने आने के बाद परिजनों ने रिश्ते के पोते मिहीलाल पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी बृजेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – वली चौधरी
यह भी पढ़ें: सीतापुर में दिनदहाड़े बड़ी टप्पेबाजी, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात



