बदायूं: पुलिस को देखते ही बरसाईं गोलियां, फिर हुआ ऐसा अंत जिसने सबको चौंका दिया
बदायूं में पुलिस मुठभेड़ के दौरान 50 हजार का इनामी डकैत जितेंद्र उर्फ ढालू मारा गया। जवाबी फायरिंग में दो पुलिसकर्मी घायल हुए। घटनास्थल से हथियार और कारतूस बरामद, जांच जारी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बदायूं में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और 50 हजार रुपये के इनामी डकैत जितेंद्र उर्फ ढालू के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में कुख्यात बदमाश मारा गया, जबकि उसकी फायरिंग में दो पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर की ताबड़तोड़ फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, सिविल लाइन थाना क्षेत्र में नियमित वाहन और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने भागने की कोशिश की। खुद को चारों ओर से घिरता देख उसने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ में जितेंद्र उर्फ ढालू गंभीर रूप से घायल हुआ और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दो पुलिसकर्मी घायल, SSP ने अस्पताल पहुंचकर लिया हालचाल
मुठभेड़ के दौरान बदमाश की गोली लगने से दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अस्पताल पहुंचे और घायल जवानों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और पुलिस टीम की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
डकैती समेत कई गंभीर मामलों में था वांछित
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जितेंद्र उर्फ ढालू लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ बदायूं समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में लूट, डकैती, चोरी, जानलेवा हमला और अन्य गंभीर धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज थे। पुलिस ने घटनास्थल से एक सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की वैधानिक जांच जारी है।
रिपोर्ट – संतुलित पाठक
यह भी पढ़ें: लखीमपुर में अखिलेश यादव के जन्मदिन पर जुटे सपा कार्यकर्ता, लिया बड़ा संकल्प



