भारत-इंग्लैंड के बीच पहला टी20 मैच बारिश में धुला

- अभिषेक और श्रेयस ने लगाए अर्धशतक, सैमसन फिर फ्लॉप
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
चेस्टर ली। भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टी20 मैच बेनतीजा रहा। बारिश के कारण इंग्लैंड की पारी शुरू नहीं हो सकी और अंतत: मैच को रद्द करना पड़ा। भारत ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। भारत ने अभिषेक शर्मा और कप्तान श्रेयस अय्यर के अर्धशतकों की मदद से 20 ओवर में सात विकेट पर 189 रन बनाए। भारत की पारी जब खत्म होने वाली थी तभी बारिश शुरू हो गई थी, लेकिन इंग्लैंड की पारी शुरू होने से पहले बारिश तेज हो गई जिससे मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका और मैच का नतीजा नहीं निकल सका। दोनों टीमों के बीच दूसरा टी20 चार जुलाई को मैनचेस्टर में खेला जाएगा।
भारत ने इस मैच में भी 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू करने का मौका नहीं दिया। आयरलैंड के खिलाफ 0-2 से मिली हार के बाद ऐसी संभावना जताई जा रही थी कि वैभव को मौका मिलेगा, लेकिन श्रेयस अय्यर ने कोर टीम पर भरोसा बरकरार रखा। आयरलैंड के खिलाफ दूसरे मैच से डेब्यू करने वाले तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और सूर्यांश शेडगे को इस मैच में मौका नहीं मिला था। भारत ने इस मैच के लिए तीन स्पिनरों अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई और वरुण चक्रवर्ती को प्लेइंग-11 में शामिल किया था। इससे पहले, भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने दूसरे ओवर में ही संजू सैमसन और ईशान किशन के विकेट गंवा दिए। इसके बाद अभिषेक ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर 20 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। अभिषेक और श्रेयस के बीच तीसरे विकेट के लिए 82 रनों की साझेदारी हुई। भारत के लिए श्रेयस नेे 68 रन बनाए। वहीं, अभिषेक ने 59 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा शिवम दुबे 42 रन बनाकर नाबाद रहे।
अभिषेक बने सबसे कम गेंदों में 100 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज
चेस्टर ली। भारतीय टीम के युवा विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में एक नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। अभिषेक अब टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे कम गेंदों पर 100 छक्के पूरे करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में वेस्टइंडीज के एविन लुईस और न्यूजीलैंड के फिन एलन जैसे दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया है। अभिषेक ने यह उपलब्धि इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच के दौरान हासिल की। अभिषेक ने केवल 785 गेंदों में 100 छक्के पूरे किए। इस प्रारूप में अभिषेक से पहले किसी बल्लेबाज ने इतनी कम गेंदों पर टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 छक्के पूरे नहीं किए थे।



