कानपुर में शराब की दुकानों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, डीसीपी साउथ ने की ताबड़तोड़ चेकिंग
कानपुर में डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के नेतृत्व में शराब की दुकानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस ने नियमों की जांच, संदिग्ध वाहनों की तलाशी और अवैध नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: दक्षिण जोन में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अवैध नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के उद्देश्य से मंगलवार को व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने नौबस्ता समेत दक्षिण जोन के सभी थाना क्षेत्रों में देशी, विदेशी शराब और बीयर की दुकानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान नियमों के पालन की जांच के साथ दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
दुकानों के आसपास शराब पीने वालों पर कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान पुलिस ने शराब की दुकानों के आसपास सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। साथ ही दुकान संचालकों को स्पष्ट हिदायत दी गई कि वे निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता न होने दें।
संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की हुई जांच
अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी और भंडारण पर रोक लगाने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी सघन जांच की। अधिकारियों ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
डीसीपी साउथ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि किसी दुकान पर नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की गई कि यदि कहीं अवैध शराब या मादक पदार्थों के कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के विशेष चेकिंग अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा
यह भी पढ़ें: बांदा दौरे से पहले एक्शन में प्रशासन! सीएम योगी की सभा स्थल पर पहुंचे डीआईजी, डीएम और एसपी



