पति की हत्या की चश्मदीद गवाह शिक्षिका ने मांगी सुरक्षा, बोलीं- ‘अब मेरी बारी है’, SSP से लगाई गुहार
बरेली में पति की हत्या की चश्मदीद गवाह शिक्षिका संगीता गंगवार ने SSP से सुरक्षा की मांग की है। उनका आरोप है कि गवाही के बाद आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मामला अंतिम चरण में पहुंच चुका है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली में चर्चित हत्याकांड की चश्मदीद गवाह और शिक्षिका संगीता गंगवार ने अपनी जान को खतरा बताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से सुरक्षा की मांग की है। उनका आरोप है कि पति की हत्या के मामले में अदालत में गवाही देने के बाद अब आरोपी उन्हें भी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
पति और देवर दोनों की हत्या, अब खुद की सुरक्षा का डर
संगीता गंगवार ने बताया कि वर्ष 2021 में उनके देवर की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। इसके बाद वर्ष 2024 में उनके पति पुष्पेंद्र गंगवार की भी बीच चौराहे पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्होंने दावा किया कि वह इस वारदात की प्रत्यक्षदर्शी हैं और अदालत में अपनी गवाही भी दर्ज करा चुकी हैं। उनका कहना है कि मुकदमा अंतिम चरण में है, इसलिए आरोपियों की ओर से लगातार दबाव और धमकियां मिल रही हैं।
जेल से साजिश रचने और नई धमकियों का आरोप
प्रार्थना पत्र में संगीता ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी ने पहले से योजना बनाकर खुद को एक अन्य मामले में जेल भिजवा लिया था और वहीं से हत्या की साजिश रची। उनका कहना है कि मामले के कुछ आरोपी जमानत पर बाहर आने के बाद अब उन्हें और उनके परिवार को निशाना बनाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पास इस साजिश से जुड़े महत्वपूर्ण सबूत हैं, जिन्हें जरूरत पड़ने पर जांच एजेंसियों को सौंपेंगी।
SSP से परिवार की सुरक्षा की मांग
संगीता गंगवार ने SSP अनुराग आर्य से अपने और परिवार के लिए सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा नहीं मिली तो उनके साथ कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है। फिलहाल पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंप दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना
यह भी पढ़ें: UP के 12 लाख शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी! अब मिलेगा ₹5 लाख तक मुफ्त इलाज



