गोरखपुर में शुरू हुआ दस्तक अभियान, 4232 स्वास्थ्य टीमें 8.36 लाख घरों तक पहुंचेंगी

गोरखपुर में दस्तक अभियान शुरू हो गया है। 4232 स्वास्थ्य टीमें 8.36 लाख घरों का भ्रमण कर संचारी रोगों के संभावित मरीजों की पहचान करेंगी। आयुष्मान कार्ड, आभा आईडी और एचपीवी टीकाकरण पर भी विशेष जोर रहेगा।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः संचारी रोगों की रोकथाम और संभावित मरीजों की समय रहते पहचान सुनिश्चित करने के लिए गोरखपुर में दस्तक अभियान की शुरुआत हो गई है। अभियान के तहत जिले की 4232 स्वास्थ्य टीमें करीब 8.36 लाख घरों का भ्रमण करेंगी। इस दौरान बुखार, टीबी, मलेरिया, फाइलेरिया और कुष्ठ रोग के संभावित मरीजों की पहचान के साथ-साथ आयुष्मान भारत कार्ड और आभा आईडी बनाने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

सीएमओ ने गांव पहुंचकर परखी अभियान की प्रगति

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने भटहट ब्लॉक के जंगल डुमरी नंबर-दो गांव पहुंचकर अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने बीसीपीएम आरती त्रिपाठी और आशा कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर लाभार्थियों से संवाद किया तथा स्वास्थ्य टीमों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

gorakhpur dastak campaign

आयुष्मान कार्ड, आभा आईडी और एचपीवी टीकाकरण पर भी फोकस

सीएमओ ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य टीमें संभावित मरीजों की पहचान के साथ पात्र परिवारों के आयुष्मान भारत कार्ड और आभा आईडी भी बनवाएं। साथ ही परिवारों को एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक कर पात्र किशोरियों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकतम लाभ लोगों तक पहुंच सके।

जनजागरूकता के जरिए मिलेगा रोगों से बचाव का संदेश

अभियान के तहत गांवों में जागरूकता रैलियां भी निकाली जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य केवल मरीजों की पहचान करना नहीं, बल्कि लोगों को स्वच्छता, संचारी रोगों से बचाव, समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक करना भी है। चिन्हित मरीजों को आवश्यक जांच और उपचार से जोड़ने की व्यवस्था भी की जाएगी।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: मेरठ हत्याकांड को लेकर गरमाई सियासत, भीम आर्मी ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

Related Articles

Back to top button