इशांत को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन: पप्पू यादव

समस्तीपुर में मिला था 14 वर्षीय किशोर का शव
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
समस्तीपुर। समस्तीपुर के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोर इशांत कुमार उर्फ छोटू की हत्या का मामला अब राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव पीडि़त परिवार से मिलने बंगराहा गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी और सरकार से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी, स्पीडी ट्रायल, परिवार की सुरक्षा और 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह आंदोलन करेंगे। बंगराहा गांव निवासी रामप्रीत यादव का 14 वर्षीय बेटा इशांत कुमार उर्फ छोटू करीब एक महीने पहले लापता हो गया था।
काफी तलाश के बाद उसका शव घर से करीब तीन किलोमीटर दूर जमीन में दफन मिला। सूचना मिलने पर पुलिस गड्ढा खोदकर शव बाहर निकाला। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पप्पू यादव ने राज्य सरकार से इस मामले में स्पीडी ट्रायल चलाने, पीडि़त परिवार को सुरक्षा देने और 50 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं में पीडि़त परिवार को सिर्फ न्याय का भरोसा नहीं, बल्कि आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा भी मिलनी चाहिए। सांसद ने कहा कि अगर सरकार उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं करती है तो वह आंदोलन करेंगे और सडक़ों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि गरीब और कमजोर परिवारों को न्याय दिलाने के लिए वह लगातार आवाज उठाते रहेंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
पीड़ित के परिवार से मिले पूर्णिया सांसद
पप्पू यादव पीडि़त परिवार के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि न्याय दिलाने के लिए हर संभव लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाना चाहिए और सभी दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए।



