जिला अस्पताल से पुलिस को धक्का देकर फरार हुआ बाल अपचारी, चार पुलिसकर्मी सस्पेंड
गोरखपुर जिला अस्पताल में मेडिकल जांच के दौरान एक बाल अपचारी पुलिस को धक्का देकर फरार हो गया। उसकी तलाश में चार टीमें लगाई गई हैं, जबकि लापरवाही के आरोप में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर जांच शुरू कर दी गई है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : जिला अस्पताल में रूटीन मेडिकल जांच के दौरान बुधवार को एक बाल अपचारी पुलिसकर्मियों को धक्का देकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल चार टीमों का गठन कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर साथ आए दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
मेडिकल जांच के दौरान मिला फरार होने का मौका
पुलिस के अनुसार, राजघाट थाना क्षेत्र का रहने वाला किशोर करीब 15 दिन पहले चोरी के एक मामले में पकड़ा गया था और न्यायालय के आदेश पर उसे बाल सुधार गृह भेजा गया था। बुधवार को उसे दो अन्य बाल अपचारियों के साथ रूटीन मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल लाया गया। आरोप है कि नियमों के विपरीत तीनों किशोरों को एक साथ इमरजेंसी वार्ड में ले जाया गया, जहां मौका पाकर एक किशोर पुलिसकर्मियों को धक्का देकर फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और अस्पताल परिसर के साथ आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान शुरू कराया। फरार बाल अपचारी का सुराग लगाने के लिए अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
चार पुलिसकर्मी निलंबित, जांच जारी
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि फरार बाल अपचारी की तलाश के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर एक दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि फरार किशोर को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: “नाम का एम्स है…” इंफ्लुएंसर का वीडियो वायरल, CM योगी से लगाई मदद की गुहार



