रवि किशन ने लॉन्च कीं राजल नीति की 3 भोजपुरी किताबें, युवा लेखक की बड़ी उपलब्धि

गोरखपुर सांसद और अभिनेता रवि किशन ने युवा लेखक राजल की तीन भोजपुरी पुस्तकों—राजल नीति टाइम मैनेजमेंट, स्ट्रेस मैनेजमेंट और लोकव्यवहार—का विमोचन किया। कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: भोजपुरी भाषा के पाठकों के लिए प्रेरणादायक साहित्य उपलब्ध कराने की दिशा में युवा लेखक राजल ने एक नई पहल की है। उनकी तीन चर्चित पुस्तकों—राजल नीति टाइम मैनेजमेंट, राजल नीति स्ट्रेस मैनेजमेंट और राजल नीति लोकव्यवहार—के भोजपुरी संस्करण का विमोचन बॉलीवुड अभिनेता और गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने किया। इस अवसर पर उन्होंने लेखक को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए पुस्तकों की सफलता की शुभकामनाएं दीं।

भोजपुरी पाठकों तक पहुंचाना है प्रेरक साहित्य

लेखक राजल ने कहा कि इन पुस्तकों का उद्देश्य भोजपुरी भाषी पाठकों तक व्यक्तित्व विकास और जीवन प्रबंधन से जुड़ी उपयोगी सामग्री पहुंचाना है। उन्होंने इस प्रयास को डायमंड बुक्स के दिवंगत चेयरमैन नरेन्द्र कुमार वर्मा को समर्पित करते हुए बताया कि उनकी प्रेरणा और मार्गदर्शन से ही राजल नीति श्रृंखला को विभिन्न भाषाओं में पहचान मिली।

कई भारतीय भाषाओं में हो चुका है अनुवाद

राजल नीति श्रृंखला का अनुवाद हिंदी, अंग्रेजी, मराठी, गुजराती, बांग्ला, ओड़िया और पंजाबी समेत कई भाषाओं में किया जा चुका है। लेखक ने बताया कि श्रृंखला की विभिन्न पुस्तकों का विमोचन समय-समय पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई संवैधानिक पदों पर आसीन हस्तियों के हाथों हो चुका है तथा उन्हें अनेक राष्ट्रीय स्तर के जनप्रतिनिधियों से शुभकामना संदेश भी प्राप्त हुए हैं।

साहित्य जगत के कई लोग रहे मौजूद

विमोचन समारोह में पोद्दार टेक्सटाइल के निदेशक विनीत पोद्दार और रमाडा होटल गोरखपुर के निदेशक कुणाल जायसवाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने भोजपुरी संस्करणों के प्रकाशन को सराहते हुए लेखक राजल को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें : मिर्जापुर में अनियंत्रित ट्रक घर में घुसी, सो रहे 3 लोगों की मौत; दो गंभीर घायल

Related Articles

Back to top button