हरदोई में सड़क या हादसे का जाल? गड्ढों में भरा पानी, कीचड़ से निकलना मुश्किल

हरदोई के टड़ियावां क्षेत्र के बहोरवा गांव में सड़क पर जलभराव, गड्ढे और नाली का गंदा पानी ग्रामीणों के लिए मुसीबत बना है। ग्रामीणों ने सड़क व नालियों की तत्काल मरम्मत की मांग की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बारिश के बाद गांव की सड़कों की असली तस्वीर सामने आने लगी है। टड़ियावां विकासखंड के बहोरवा गांव में पंचायत भवन के पास से गुजरने वाली पश्चिमी सड़क इन दिनों ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क पर जलभराव, गड्ढे और नालियों का गंदा पानी बहने से रास्ता कीचड़ में तब्दील हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि राहगीरों के लिए यह मार्ग अब हादसे का खतरा बन गया है।

जलभराव और गड्ढों से बढ़ी परेशानी

बहोरवा गांव की पश्चिमी सड़क का इस्तेमाल ग्रामीण बायपास मार्ग के तौर पर करते हैं। लेकिन सड़क की खराब हालत के कारण लोगों को आवागमन में मुश्किल हो रही है। जगह-जगह बने गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक नालियों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे कई हिस्सों में कीचड़ जमा है। पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया वाहन चालकों को भी संभलकर निकलना पड़ रहा है।

राहगीरों के लिए बना हादसे का खतरा

ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते पर फिसलन के कारण आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। कई बार बड़े हादसे होते-होते बचे हैं। स्थानीय ग्रामीण अंकित त्रिपाठी ने समस्या को अधिकारियों तक पहुंचाने का प्रयास किए जाने की बात कही, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क और जलनिकासी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहे हैं।

ग्रामीणों ने तत्काल मरम्मत की उठाई मांग

प्रदीप मिश्रा, नवल किशोर मिश्रा, अंशुमान त्रिपाठी, सुशील मिश्रा, विकास पांडेय, दीपक पांडेय, मिथिलेश पांडेय, जितेंद्र अवस्थी, रामू मिश्रा समेत अन्य ग्रामीणों ने सड़क और नालियों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान सुशील शर्मा और संबंधित जिम्मेदारों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो सकती है।

रिपोर्ट – शुभम तिवारी भरावन (हरदोई)

यह भी पढ़ें: ब्रह्मभोज में बुलाया और फिर कर दी हत्या! गोरखपुर में चार आरोपी गिरफ्तार

Related Articles

Back to top button