उन्नाव में डीएम का बड़ा एक्शन मोड, IGRS-रैंकिंग बिगड़ी तो अधिकारियों को 2 दिन का अल्टीमेटम
उन्नाव में IGRS और CM डैशबोर्ड की खराब रैंकिंग पर डीएम घनश्याम मीना ने अधिकारियों को फटकार लगाई। छह BDO को दो दिन में सुधार का अल्टीमेटम दिया गया और कार्रवाई की चेतावनी दी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : सरकारी योजनाओं की प्रगति और जनता की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही अब अधिकारियों पर भारी पड़ सकती है। उन्नाव में IGRS और CM डैशबोर्ड की रैंकिंग को लेकर जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट में हुई समीक्षा बैठक में कम संतुष्टि और खराब प्रदर्शन पर कई अधिकारियों को फटकार लगाई गई। डीएम ने दो दिन में स्थिति सुधारने के निर्देश देते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी।
कम संतुष्टि पर कई BDO को लगाई फटकार
समीक्षा के दौरान IGRS पर शिकायतकर्ताओं की कम संतुष्टि का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया। इस पर गंजमुरादाबाद, सिकंदरपुर कर्ण, सिकंदरपुर सरोसी, सफीपुर, नवाबगंज और फतेहपुर चौरासी के खंड विकास अधिकारियों के प्रदर्शन पर डीएम ने नाराजगी जताई।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर न हो, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि दो दिन के भीतर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व न्यायालयों के मामलों की तहसीलवार समीक्षा
बैठक में राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। धारा 34, 24 और 116 के मामलों की तहसीलवार स्थिति पर अधिकारियों से जानकारी ली गई। डीएम ने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
वहीं CM डैशबोर्ड पर जिले की रैंकिंग गिरने को लेकर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों को प्रदर्शन सुधारने के निर्देश देते हुए कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
राजस्व वसूली में पिछड़े विभागों पर भी नाराजगी
राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान आबकारी, परिवहन, वन, मंडी और सिंचाई समेत कई विभागों के प्रदर्शन पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की। अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप वसूली बढ़ाने और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने कहा कि सभी विभाग प्राथमिकता के आधार पर लंबित कार्य पूरे करें और जिले की रैंकिंग में सुधार सुनिश्चित करें। अब आने वाले दिनों में संबंधित विभागों की प्रगति पर प्रशासन की नजर रहेगी।
रिपोर्ट – रंजन बाजपाई, उन्नाव
यह भी पढ़ें: उन्नाव में खुलेआम गांजा बिक्री का वीडियो वायरल, पुलिस की कार्यशैली पर उठे बड़े सवाल



