राजौरी में कुत्तों के आतंक से दहशत, दो दिनों में 9 लोगों पर हमला; दो दर्जन स्कूल बंद

जम्मू के कोट्रांका ब्लॉक में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ गया है, जहां पिछले दो दिनों में 9 लोगों को कुत्तों ने काट लिया है. प्रशासन ने कुत्तों को पकड़ने और टीकाकरण के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: जम्मू के कोट्रांका ब्लॉक में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ गया है, जहां पिछले दो दिनों में 9 लोगों को कुत्तों ने काट लिया है. प्रशासन ने कुत्तों को पकड़ने और टीकाकरण के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है.

जम्मू-कश्मीर में आतंकी तो दहशत ही फैला रहे हैं, लेकिन अब कुत्ते भी लोगों में खौफ पैदा कर रहे हैं. सुनने में ये अजीब है लेकिन सच है. पिछले पिछले दो दिनों में आवारा कुत्तों ने 9 लोगों को अपना शिकार बनाया है, जिससे लोगों में डर बैठ गया है. ये मामला जम्मू के राजौरी जिले के कोट्रांका ब्लॉक का है. यहां आवारा कुत्तों के आतंक से लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं, जिसके वजह से यहां स्कूलों को बंद करने का फैसला किया गया.

जानकारी के मुताबिक सोमवार की सुबह जब जम्मू के राजौरी जिले के कोट्रांका ब्लॉक में बच्चे स्कूल जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी जिला प्रशासन की ओर से एक नोटिस आया. इसमें घोषणा की गई थी कि करीब दो दर्जन स्कूल दिन भर बंद रहेंगे और प्रशासन ने पुलिस और CRPF कर्मियों के साथ-साथ एक कार्यकारी मजिस्ट्रेट और ग्राम रक्षा गार्ड (VDG) की तैनाती का आदेश दिया था.

2 दिनों में 9 लोगों को काटा
इस आदेश की वजह किसी VIP का दौरा या सीमावर्ती जिले में सुरक्षा खतरा नहीं था. यह निर्णय आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए लिया गया था , जिन्होंने पिछले दो दिनों में नौ लोगों को काट लिया था. ब्लॉक की आधा दर्जन से अधिक पंचायतों में स्थित सरकारी और निजी दोनों स्कूलों को प्रभावित करने वाला यह निर्देश कोट्रांका के अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) दिल मीर चौधरी द्वारा जारी किया गया था.

एक कुत्ते को पीट-पीटकर मार डाला
बीते रविवार को कुत्ते के काटने से घायल हुए छह लोग एक सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचे और उसके बाद सोमवार को तीन और लोग भर्ती हुए. सोमवार शाम को एक कुत्ते ने कथित तौर पर एक अन्य निवासी पर हमला कर दिया, जिसके बाद एक स्थानीय ग्रामीण ने उसे लाठी से पीट-पीटकर मार डाला.

इलाके में घूम रहे हिंसक कुत्ते
हिंसक आवारा कुत्तों के काटने से 9 लोगों के घायल होने का जिक्र करते हुए ADC दिल मीर चौधरी ने अपने आदेश में कहा कि ये कुत्ते कथित तौर पर अभी भी इलाके में खुलेआम घूम रहे हैं और आम जनता, विशेष रूप से स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं, जिससे स्थानीय निवासियों में भय और दहशत फैल रही है.

स्कूलों को बंद करने का आदेश
स्कूलों को बंद करने का आदेश देते हुए ADC ने कंडी पुलिस स्टेशन के SHO को निर्देश दिया कि जरूरत पड़ने पर पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाए, साथ ही CRPF और पशु अधिकार कार्यकर्ताओं/स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करके संदिग्ध हिंसक जानवरों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और यह सब लागू नियमों और पशु कल्याण प्रोटोकॉल के मुताबिक ही किया जाए.

टीकाकरण की व्यवस्था करने का निर्देश
उन्होंने पशुपालन विभाग के पशु चिकित्सा सहायक सर्जन (VAS) को प्रभावित इलाके में आवारा कुत्तों के टीकाकरण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्हें पुलिस टीम के साथ समन्वय कर कुत्तों को सुरक्षित तरीके से पकड़ने और उन्हें जांच व टीकाकरण के लिए रखने की व्यवस्था करने को कहा गया है. इसके अलावा चौधरी ने कोट्रांका के तहसीलदार से कहा कि एक मजिस्ट्रेट को घटनास्थल पर तैनात किया जाए और वह ऑपरेशन के दौरान VAS और पुलिस टीम के साथ समन्वय स्थापित करें ताकि प्रभावी समन्वय और कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके.

ADC ने संबंधित अधिकारियों से इस मामले को जन सुरक्षा के हित में जरूरी मानते हुए तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. अधिकारियों से कहा गया है कि वो आपसी समन्वय बनाए रखें और ऐसी सभी जरूरी सावधानियां बरतें, जिससे किसी और व्यक्ति पर कुत्तों के हमले की घटना न हो.

फसलों में छिप जाते हैं कुत्ते
चौधरी ने स्थानीय पुलिस का हवाला देते हुए कहा कि पिछले दो दिनों में ग्रामीणों पर हुए सभी हमलों के पीछे जो आवारा कुत्ता था, वह सोमवार रात को एक नाले में गिरने के बाद मर गया. हालांकि, इलाके के एक पूर्व सैनिक और एक सामाजिक कार्यकर्ता ने ऐसे कुत्तों की संख्या तीन बताई है. उन्होंने आगे कहा कि इन कुत्तों की समस्या गंभीर हो गई है क्योंकि इन्हें इलाके में खड़ी मक्के की फसलों में आसानी से छिपने की जगह मिल जाती है.

Related Articles

Back to top button