हॉकी विश्वकप में अब नहीं होंगे क्वार्टर फाइनल मैच

- 15 अगस्त से शुरू हो रहा है महिला और पुरू ष हॉकी विश्वकप
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
एम्सटरडैम। हॉकी विश्वकप में इस बार सिर्फ टीमें ही नहीं, टूर्नामेंट का पूरा गणित भी बदला हुआ नजर आएगा। 15 अगस्त से नीदरलैंड और बेल्जियम में शुरू हो रहे पुरुष और महिला विश्व कप में क्वार्टर फाइनल का दौर खत्म कर दिया गया है। अब खिताब तक पहुंचने के लिए टीमों को दो ग्रूप चरणों से गुजरना होगा। ऐसे में शुरुआती मुकाबलों की अहमियत पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गई है। पिछले कुछ संस्करणों में ग्रूप स्टेज के बाद क्वार्टर फाइनल के जरिए सेमीफाइनलिस्ट तय होते थे, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा।
पुरुष और महिला दोनों विश्व कप में 16 टीमें हिस्सा लेंगी। इन्हें चार पूल ए, बी, सी और डी में बांटा गया है। हर पूल में चार टीमें होंगी और सभी टीमें अपने पूल की बाकी तीन टीमों से एक-एक मुकाबला खेलेंगी। यानी पहले चरण में हर टीम को तीन मैच मिलेंगे। इन मैचों के बाद हर पूल की रैंकिंग तय होगी। चारों पूल से सिर्फ शीर्ष दो टीमें अगले चरण में जाएंगी। तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें भी टूर्नामेंट से बाहर नहीं होंगी, लेकिन उनका सफर खिताब की दौड़ से खत्म हो जाएगा और वे आगे 9वें से 16वें स्थान के लिए खेलेंगी। पहले चरण के बाद टीमें अपने प्रदर्शन के आधार पर चार नए पूल में बांटी जाएंगी। यानी भारत अगर पूल डी में टॉप-2 में रहता है, तो वह पूल ई में जाएगा और उसका सामना पूल ए से आगे आने वाली दो टीमों से होगा। दूसरे चरण में टीमों को तीन नए मुकाबले खेलने होंगे, लेकिन यहां एक बेहद महत्वपूर्ण नियम है। अगर एक ही शुरुआती पूल की दो टीमें दूसरे चरण में पहुंचती हैं, तो उनके बीच पहले चरण में हुआ मुकाबला दोबारा नहीं खेला जाएगा। उस मैच का परिणाम दूसरे चरण की अंक तालिका में साथ लेकर जाया जाएगा। पूल ई और एफ खिताब की सीधी दौड़ तय करेंगे। दोनों पूल से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
आईपीएल क्रिकेटर अभिषेक पोरेल गिरफ्तार मेडिकल छात्रा ने लगाया दुष्कर्म का आरोप
नई दिल्ली। दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल में खेलने वाले बंगाल के क्रिकेटर अभिषेक पोरेल को एक आपराधिक मामले में गिरफ्तार किया गया है। एक मेडिकल छात्रा ने अभिषेक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के साथ मारपीट और आपराधिक धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, क्रिकेटर को दम दम थाना क्षेत्र स्थित इमामी सिटी से गिरफ्तार किया गया। इससे पहले जून में एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पोरेल ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसके साथ मारपीट तथा आपराधिक धमकी दी। शिकायत के अनुसार, महिला का दावा है कि वह और अभिषेक पोरेल करीब तीन वर्षों से रिश्ते में थे। हालांकि, पिछले साल दोनों के बीच मतभेद शुरू हो गए। महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद पोरेल ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी।



